महाराष्ट्र में संक्रमित बढ़ रहे, अब तक 2.57 लाख केस

 08 Jun 2020  730

मुंबई, (8 जून 2020)- देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 57 हजार 92 हो गई है। रविवार को रिकॉर्ड 10 हजार 884 केस बढ़े। एक दिन पहले ही शनिवार को 10 हजार 408 मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र में 3 हजार 7 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। राज्य में संक्रमितों की संख्या 85 हजार 975 हो गई है। इस मामले में यह चीन से आगे निकल गया है। वहां 83 हजार 43 केस आए हैं। महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या भले ही बढ़ी रही है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि बीते दो हफ्तों में यहां संक्रमितों की बढ़ने की दर में कमी आई है। यह 17 से 24 मई के बीच 52% थी, जो अब घटकर 27% रह गई है। गौरतलब है कि लॉकडाउन के पहले फेज में 24 मार्च से बंद किए गए धार्मिक स्थल देशभर में आज से खोल दिए गए। दिल्ली में चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर और कालका जी मंदिर में सुबह भक्तों ने प्रार्थना की। उधर, लखनऊ में ईदगाह मस्जिद में भी नमाज पढ़ी गई। इन स्थानों पर केंद्र सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र की 60 जेलों से 11 हजार कैदियों को इमरजेंसी पेरोल पर छोड़ने का फैसला किया गया है। 9671 कैदी पहले छोड़े गए थे। राज्य की जेलों में 38 हजार कैदी हैं। बता दें कि कोरोना संक्रमण के चलते मुंबई में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 61 मरीजों की मौत हुई हैं, जबकि महाराष्ट्र में सोमवार सुबह तक कुल 3,007 नए केस कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इसके साथ राज्य में मरीजों की संख्या 85,975 हो गई। कोरोना से सोलापुर में 8, पुणे में 6, उल्हासनगर में 5, मीरा भाईंदर में 4, कोल्हापुर में 2 और पालघर, नाशिक, जालना, अकोला में 1-1 मरीज की मौत हुई। पिछले 24 घंटे में राज्य में 91 मौतें हुई हैं। इनमें 64 पुरुष और 27 महिलाएं थीं। मरने वालों में 46 मरीजों की उम्र 60 वर्ष से अधिक थी। राज्य में 5,58,463 लोगों को घरों में और 28,504 लोगों को अन्य स्थानों में क्वारन्टाईन किया गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के चलते मुंबई में सबसे ज्यादा 61 मौतें हुई हैं। इससे पहले शनिवार को सबसे ज्यादा 57 लोगों की मौत हुई थी। पिछले 3 दिनों में वायरस के कारण 171 लोगों की जान गई। मुंबई में 1,421 नए संक्रमित मिले। यहां कुल मरीजों की संख्या 48,549 हो गई है। रविवार को 1,218 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेज दिया गया। अब तक मुंबई में 21,196 लोग स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने सोमवार से अतिरिक्त 250 बसों को चलाने का फैसला किया है। वहीं, मनपा की तरफ से चलाई जाने वाली बेस्ट की बसें भी शुरू हो जाएंगी। लॉकडाउन के बीच मंत्रालय और सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की 8 जून से 15 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। इसलिए सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों को पहुंचने में आसानी हो, इसके लिए एसटी की ओर से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। निजी कार्यालयों के कर्मचारी भी अपना पहचान पत्र दिखाकर एसटी की बसों में सफर कर सकेंगे। एसटी की बसें मुंबई के प्रवेशद्वार यानी पनवेल, पालघर, आसनगांव, विरार, नालासोपारा, वसई, बदलापुर से मुंबई के लिए चलाई जाएंगी। एसटी की 250 बसों में से 142 बसें मंत्रालय और 15 बसें मनपा के मार्ग पर दौड़ेंगी। बाकी लगभग 100 बसें मुंबई महानगर प्रादेशिक विकास क्षेत्र (एमएमआर) में जरूरी सेवाओं के लिए काम करने वाले कर्मचारियों के लिए होंगी। मुंबई में कई बस स्टॉप को सैनिटाइज किया गया। नवी मुंबई मनपा ने गैर-कोविड 19 मरीजों के इलाज की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए मनपा को नेरुल स्थित डॉ. डी. वाई. पाटिल अस्पताल में 1200 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध हो गई है। यहां मानसून के दौरान नवी मुंबई के लोगों की मानसून जनित बीमारियों का निःशुल्क इलाज किया जाएगा। रविवार को 19 और मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ कोरोना मरीजों की संख्या 701 हो गई। 3 जून को मरीजों की संख्या 602 थी और केवल 4 दिन बाद 701 हो गई है। वाशी स्थित सिडको एग्जिबिशन सेंटर में कुल 1182 बिस्तरों की सुविधा मिलेगी। इनमें से 500 बिस्तरों को ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम से जोड़ा जाएगा। यहां कोरोना इलाज से संबंधित एक्सरे समेत अन्य सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ठाणे शहर में कोरोना मरीजों की दिनोंदिन बढ़ती संख्या को देखते हुए निर्माणाधीन एक हजार बिस्तरों के कोविड अस्पताल को अगले कुछ दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। घोड़बंदर के माजीवाड़ा स्थित ग्लोबल इंपैक्ट हब में बनाए जा रहे अस्पताल का काम अब अंतिम चरण में है। नीति आयोग ने राशन की दुकानों में मांसाहार की बिक्री का निर्णय कुछ दिनों पहले लिया था। इस निर्णय पर रोक लगा दी गई। अखिल भारतीय ग्राहक कल्याण परिषद और नागपुर जैन राजनीतिक चेतना मंच ने राष्ट्रीय स्तर पर इसका विरोध किया था। भिवंडी महानगरपालिका ने शहर के सक्षम सभी निजी अस्पतालों को सतर्कता के साथ आइसोलेशन और फीवर ट्रीटमेंट करने की अनुमति दे दी है। इससे मनपा का भार कुछ कम होगा और शहर के नागरिकों को भी निजी अस्पतालों में आइसोलेशन की सुविधा मिल सकेगी।
नागपाडा में बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने वाले लोगों के खिलाफ जोन-3 पुलिस ने केस दर्ज किया है। जोनल डीसीपी अभिनाश कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अहमद की तलाश की जा रही है। राज्य में कोरोना से 33 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है। अब तक 2562 पुलिसवाले कोरोना पॉजिटिव पाए गए। फिलहाल, राज्य में 196 अधिकारियों समेत 1497 पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। कोरोना से जान गंवाने वालों में 18 जवान मुंबई पुलिस के थे। महाराष्ट्र पुलिस ने बताया कि राज्य में पुलिसवालों पर हमले की 260 वारदातें सामने आ चुकीं हैं। जिनमें 86 पुलिसवाले जख्मी हुए हैं। इन मामलों में 841 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।