भय्यूजी महाराज ने सिर में गोली मारकर की खुदकुशी

 12 Jun 2018  702

इंदौर, (12 जून 2018)- भय्यूजी महाराज ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। जानकारी के मुताबिक भय्यू जी महाराज ने खुद को घर में गोली मारी जहां उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद उनके सेवादार उन्हें बॉम्बे अस्पताल लेकर गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। भय्यू जी महाराज पहली बार राष्ट्रीय चर्चा में तब आए थे जब अन्ना हजारे के आंदोलन को खत्म कराने में उन्होंने वार्ता में महत्वपूर्व भूमिका निभाई थी। पुलिस की फॉरेंसिक टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है। भय्यू जी महाराज को गोली लगने की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में उनके अनुयायी बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंच गए। 

►कौन थे भय्यूजी महाराज 
भय्यूजी महाराज का मूल नाम उदयसिंह देशमुख है। वह पहले फैशन डिजाइनर थे और बाद में अध्यात्म की ओर मुड़ गए थे। इंदौर में बापट चौराहे पर उनका आश्रम है। यहीं से वे अपने सामाजिक गतिविधियां चलाते थे और ट्रस्ट के कार्यों का संचालन करते थे। 

►भय्यूजी महाराज का परिवार 
भय्यूजी महाराज की पहली पत्नी माधवी का निधन हो चुका है। माधवी से उन्हें एक बेटी हुई जिसका नाम कुहू है जो फिलहाल पुणे में पढ़ाई कर रही है। भय्यूजी महाराज ने दूसरी शादी डॉक्टर आयुषी से की। आयुषी उनके आश्रम में कई सालों से सेवाओं में समर्पित हैं।