महाराष्ट्र में खुद बीजेपी ही उड़ा रही नियमों की धज्जियां, आरटीआई से खुलासा…
08 Jan 2018
413
कृषि मंत्री, राज्य मंत्री और आलाधिकारियों के पास एक नहीं कई वाहन
मुंबई, 07/01/18
सरकारी परिवहन सेवा में से मंत्रियों की गाडिय़ों के काफिले रद्द कर मंत्रियों को उनके कामकाज के लिए सिर्फ 1 वाहन उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन महाराष्ट्र राज्य के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर ने अतिरिक्त 2 और राज्यमंत्री सदा खोत ने अतिरिक्त 1 गाडिय़ों का इस्तेमाल ड्राइवर की सुविधा के साथ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विदित हो कि यह खुलासा आरटीआई के जरिए महाराष्ट्र कृषि उद्योग विकास महामंडल ने किया है। भूतपूर्व कृषि मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल के अलावा कृषि मंत्री के निजी सचिव और कृषि विभाग के प्रधान सचिव ने बहती गंगा में हाथ धोने का काम किया है। विदित हो कि महाराष्ट्र कृषि उद्योग विकास महामंडल मर्यादित से कृषि मंत्री और कृषि राज्यमंत्री के समेत जिन्हें गाडिय़ों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, उनकी जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने मांगी थी। महाराष्ट्र कृषि उद्योग विकास महामंडल मर्यादित की तरफ से गलगली को उपलब्ध कराए गए जानकारी में कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर को 2 गाडिय़ों समेत 3 ड्राइवर दिए गए, जो ठेके पर नियुक्त किए गए हैं। कृषि राज्यमंत्री सदा खोत को 1 नई गाड़ी देते हुए उनके लिए 2 ड्राइवर ठेके पर लाए गए हैं। कृषि विभाग के प्रधान सचिव बिजयकुमार और कृषि मंत्री के निजी सचिव धुरजड को 1-1 गाड़ी दी गई है। इनके ड्राइवर महामंडल के स्थायी कर्मचारी है। भूतपूर्व कृषि मंत्री और वर्तमान विपक्ष नेता राधाकृष्ण विखे पाटील की गाड़ी खुद की हैं, लेकिन उन्हें उपलब्ध कराया गया ड्राइवर महामंडल का स्थायी कर्मचारी हैं। फुंडकर द्वारा इस्तेमाल होने वाली 2 गाडिय़ों पर इंधन, सर्विस और मरम्मत के खर्च पर 7 महीने में 25,25,809 रुपये इतनी रकम खर्च की गई हैं। एक गाड़ी नई खरीदी गई है। खोत की खातिर नई चकाचक गाड़ी खरीदकर महामंडल ने गाड़ी की कीमत, इंधन, मरम्मत खर्च पर 26,50,278 रुपये की रकम 7 महीने में खर्च की है। प्रधान सचिव बिजयकुमार को उपलब्ध कराई गई गाड़ी का ईंधन और सर्विस शुल्क पर 66,035 रुपये रकम खर्च की गई हैं। कृषि मंत्री के निजी सचिव धुरजड को दी गई गाड़ी के इंधन पर 47,534 रुपये इतनी रकम खर्च की गई है।
कुल खर्च वसूल करने की मांग
अनिल गलगली को कृषि विभाग के अवर सचिव उ.म. मदन ने बताया कि कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर और कृषि राज्यमंत्री सदा खोत इन दोनों को प्रति 19,99,999 रुपये इतनी रकम की गाड़ी उपलब्ध कराई गई हैं। मंत्री और राज्यमंत्री को कितनी गाडिय़ां इस्तेमाल करने की अनुमति होने की जानकारी पर अनिल गलगली को सामान्य प्रशासन ने बताया कि 26 दिसंबर 2005 का शासन निर्णय के तहत सरकारी परिवहन सेवा के मंत्री गाडिय़ों का काफिला रदद् कर मंत्रियों को उनके कामकाज के लिए सिर्फ एक गाड़ी उपलब्ध कराई जाती है। शासन निर्णय स्पष्ट होते हुए कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर और कृषि राज्यमंत्री सदा खोत एक से अधिक गाडिय़ों का इस्तेमाल कर अपने मंत्री पद का दुरुप्रयोग करने का आरोप करते हुए अनिल गलगली ने गाडिय़ों पर हुआ खर्च के साथ ड्राइवर को दिया गया वेतन का कुल खर्च इनसे वसूल करने की मांग मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस को लिखे हुए पत्र में की हैं। इसके अलावा निजी सचिव और प्रधान सचिव ने पद का किया हुआ दुरुप्रयोग के मद्देनजर उनकी जांच कर उनसे भी कुल खर्च वसूल करने की मांग की है।