Free SMS से दिल्ली पुलिस दे रही जानकारी, दिल्ली में कहां लगा है जाम?

 19 Sep 2015  1205

नई दिल्ली। जाम के झाम से लोगों को बचाने के लिए यातायात पुलिस अब जल्द लोगों को किसी भी रोड पर जाम संबंधी जानकारी देगी। इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। यह सुविधा ट्रैफिक संबंधी जानकारी देने वाली फ्री एसएमएस अलर्ट सेवा की सफलता के बाद की जा रही है।
 

विशेष पुलिस आयुक्त मुक्तेश चंदर ने बताया कि 21 अगस्त को आधिकारिक रूप से फ्री एसएमएस सेवा की शुरुआत की गई थी। मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराने वाले लोगों को ट्रैफिक संबंधी जानकारी मैसेज से दी जाती है। पहले ही दिन 100 लोगों ने इस सर्विस को एक्टिवेट कराने के लिए मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराया था।


पिछले 16 दिनों में 10 हजार से अधिक लोग अपना नंबर रजिस्टर्ड करा चुके हैं। 1यातायात पुलिस की मानें तो फ्री एसएमएस अलर्ट सेवा सफल रही है। अब इस सेवा में और सुधार किया जा रहा है। इसके बाद लोग अपनी इच्छानुसार किसी एक खास रोड, क्षेत्र विशेष में ट्रैफिक की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल कर सकेंगे।


सबसे पहले यह सेवा एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों पर शुरू करने की योजना है। इसके बाद रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, मथुरा रोड या कनॉट प्लेस, लाजपत नगर, करोल बाग, साकेत जैसे किसी खास इलाके के लिए शुरू होगी। वर्तमान में यातायात पुलिस एसएमएस अलर्ट के जरिए गाड़ी खराब होने, सड़क धंसने, धरना-प्रदर्शन, जुलूस निकलने की सूचना देती है।