गौतम गंभीर ने छोड़ी कप्तानी

 25 Apr 2018  724

नई दिल्ली, (25 अप्रैल 2018)- दिल्ली डेयरडिवल्स को आईपीएल चैंपियन बनाने का सपना संजोकर कोलकाता से दिल्ली पहुंचे गौतम गंभीर ने बुधवार को कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। आईपीएल 11 में गौतम गंभीर की कप्तानी में खेलने उतरी दिल्ली के लिए अब तक सीजन बेहद निराशाजनक रहा। 6 मैचों में से दिल्ली केवल एक में जीत हासिल कर सकी। डेयडेविल्स को घर पर किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मिली हार के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि गौतम कप्तानी से इस्तीफा न दे दें और अंतत: दो दिन बात ऐसा ही हुआ। कप्तानी छोड़ने के बाद गौतम ने ट्वीट कर अपने प्रशंसकों के लिए एक भावुक और गंभीर संदेश लिखा। गौतम ने इस संदेश में लिखा, ये सच है कि मैंने दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी छोड़ दी है। मेरे इस निर्णय से कोचिंग स्टाफ या टीम मैनेजमेंट का कोई लेना देना नहीं है यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है। मैं टीम का सामने से नेतृत्व भले ही नहीं कर रहा होउंगा लेकिन दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खड़ा रहने वाला आखिरी शख्स होउंगा। कोई भी खिलाड़ी टीम से बड़ा नहीं होता।आईपीएल के 11वें सीजन में अभी तक दिल्ली के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए गंभीर ने कहा, 'मैं उस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं, जिसमें हम हैं। और स्थिति को देखते हुए, मैंने कप्तान के रूप में पद छोड़ने का फैसला किया है। श्रेयस अय्यर जिम्मेदारी संभालेंगे। मुझे अभी भी लगता है कि हमारी टीम में चीजों को बदलने का दम है।' उन्होंने कहा, 'मैं कप्तानी का दबाव नहीं झेल पा रहा था, इसलिए कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। यह मेरा अपना फैसला है। फ्रेंचाइजी का कोई दबाव मुझ पर नहीं है। मैंने अपने इस फैसले के बार में अपनी पत्नी से भी बात की थी।'गंभीर ने कहा, 'यह मेरा निर्णय था। मैंने टीम में पर्याप्त योगदान नहीं दिया है। कप्तान होने के नाते मुझे जिम्मेदारी लेनी थी। मुझे लगता है कि यह सही समय था।' श्रेयस अय्यर का अभी तक इस सीजन में शानदार प्रदर्शन रहा है।