मुंबई में 7 अप्रैल को पहला आईपीएल मैच
23 Jan 2018
485
आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला ने बताया कि 6 को होगा उद्घाटन समारोह
नई दिल्ली, (23 जनवरी 2018)- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2018 के शुरुआत की तारीख का ऐलान हो गया है। लीग का 11वां सीजन 6 अप्रैल को मुंबई में शुरू होगा। हालांकि पहला मैच अगले दिन यानी 7 अप्रैल को मुंबई में ही खेला जाएगा। टूनार्मेंट का फाइनल 27 मई को मुंबई में ही होगा। मीडिया रिपोर्ट में आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला के हवाले से कहा गया है कि 6 अप्रैल को लीग का उद्घाटन समारोह होगा, वहीं 7 अप्रैल को पहला मैच खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट में 8 टीमें भाग लेंगी। बड़ी बात यह है कि दो साल के प्रतिबंध के बाद चेन्नै सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स इस लीग में वापसी कर रही हैं। इसके साथ ही दो सीजन के लिए लीग में शामिल हुईं गुजरात लायन्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स अब लीग का हिस्सा नहीं होंगी। आईपीएल गर्वनिंग काउंसिल ने मैच के समय की शुरुआत को लेकर बड़ा फैसला किया है। शाम 4 और 8 बजे शुरू होने वाले मुकाबलों का समय बदला गया है। राजीव शुक्ला ने कहा, ‘रात 8 बजे शुरू होने वाले मुकाबलों का सीधा प्रसारण अब 7 बजे से होगा वहीं 4 बजे वाले मुकाबले अब शाम 5:30 खेले जाएंगे। किंग्स इलेवन पंजाब अपने चार घरेलू मुकाबले मोहाली में और तीन मैच इंदौर में खेलेगी। वहीं राजस्थान रॉयल के घरेलू मैचों पर फैसला 24 जनवरी को राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले के बाद आएगा।