चोट के कारण यूएस ओपन से हटीं शारापोवा, तीन साल में ऐसा दूसरी बार

 19 Sep 2015  1122
न्यूयॉर्क. साल के आखिरी ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन के शुरु होने से पहले ही फैन्स को बड़ा झटका लगा है। वर्ल्ड की नंबर दो खिलाड़ी रुस की मारिया शारापोवा ने पैर की चोट के चलते टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। पांच बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन शारापोवा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट किया, “दुर्भाग्यवश मैं इस साल की यूएस ओपन टेनिस चैम्पियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाऊंगी। मैंने टूर्नामेंट के लिए फिट होने का पूरा प्रयास किया, लेकिन मैं इसमें सफल नहीं हो पाई। मैं अपने प्रशंसकों को आश्वस्त करना चाहती हूं कि मैं कुछ ही दिनों में कोर्ट पर फिर से वापसी करूंगी।”
 
पैर में है चोटः
शारापोवा को पैर में चोट लगी है। इसकी वजह से उन्होंने सिनसिनाटी चैम्पियनशिप से भी अपना नाम वापस ले लिया था। 28 साल की रूसी सुंदरी शारापोवा के हटने से टूर्नामेंट के आकर्षण को जरूर झटका लगेगा। शारापोवा ने इस वर्ष जुलाई में टॉप सीड सेरेना विलियम्स के खिलाफ विंबलडन टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला गंवाने के बाद से ही एक भी मुकाबला नहीं खेला है।
 
तीन साल में ऐसा दूसरी बारः
तीन सालों में यह दूसरा मौका है जब शारापोवा चोट के चलते साल के अंतिम ग्रैंडस्लैम में हिस्सा नहीं ले पा रही हैं। शारापोवा ने 2003 में इस टूर्नामेंट में पहली बार हिस्सा लिया था। दूसरी वरीयता प्राप्त शारापोवा की जगह रूस की दारिया कसात्किना को टूर्नामेंट में प्रवेश दिया गया है।