साक्षी के साथ अमेरिका में छुट्टियां मना रहे धोनी

 19 Sep 2015  1157
न्यू जर्सी. टीम इंडिया के वनडे और टी20 कैप्टन एमएस धोनी इन दिनों अमेरिका में छुट्टियां मना रहे हैं। यहां धोनी ने पत्नी साक्षी के साथ सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा की। ये पहला मौका है जब अमेरिका में धोनी ने पब्लिक अपीयरेंस दी है। बता दें कि यहां अभी इस मंदिर का निर्माण हो रहा है जो इस साल के अंत तक खुलेगा।
 
फैन्स से भी मिलेः
मंदिर में दर्शन और पूजा करने के बाद धोनी यहां अपने फैन्स से भी मिले। इस मौके पर उन्होंने कहा, “क्रिकेट खेलने के लिए मैं कई देशों में गया हूं। खासकर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया। लेकिन अमेरिका में मेरी इस तरह की ये पहली यात्रा है।” धोनी ने कहा कि वो ये देखकर आश्चर्य में हैं कि अमेरिका में कितनी बड़ी संख्या में भारतीय हैं जिन्होंने अमेरिकी कल्चर अपना लिया है, लेकिन भारतीय संस्कृति से भी जुड़े हैं। साथ ही अमेरिका में ही जन्मी अगली जनरेशन को भी अपने देश के बारे में बता रहे हैं।
 
टीम इंडिया को करें सपोर्टः
धोनी ने यहां फैन्स से बातचीत में कहा कि टीम इंडिया इस वक्त कई चुनौतियों से गुजर रही है। ऐसे में आप सभी फैन्स टीम को सपोर्ट करते रहें। उन्होंने कहा, “हमें सपोर्ट करते हैं। हमारी टीम बहुत अच्छी है। इस वक्त टीम कई चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे में हमें सभी का सपोर्ट चाहिए।”
 
बेसबॉल को समझते हैं क्रिकेटः
धोनी ने कहा कि अमेरिका में क्रिकेट का खेल लोकप्रिय नहीं है और कई बार लाेग इसको बेसबॉल जैसा समझ लेते हैं। जिस वजह से उन्हें यहां पर लोगों को क्रिकेट के बारे में समझाना पड़ता है। धोनी के आने पर यहां दाे घंटे का कार्यक्रम हुआ जिसमें बच्चों ने सांस्कृतिक नृत्य का प्रदर्शन किया। लगभग दो सौ लोगों ने इसमें शिरकत की। धोनी यहां पत्नी और झारखंड के पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश कुमार महतो के साथ पहुंचे। मंदिर प्रबंधन की तरफ से उन्हें विशेष स्मृति चिह्न भी प्रदान किया गया।
 
रांची को समझ लिया कराचीः
धोनी ने अपने घरेलू शहर रांची का जिक्र करते हुए कहा “एक बार विदेशी दौरे पर एक व्यक्ति ने रांची को गलती से पाकिस्तान का कराची समझ लिया था। जिसके बाद उन्हें समझाना पड़ा था कि रांची खनिज संपदा से भरपूर भारत के झारखंड राज्य की राजधानी है।”
 
लंबे समय से क्रिकेट से दूरः
धोनी लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने जून में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली थी। इसके बाद से ही वो क्रिकेट से दूर हैं। अब अक्टूबर में धोनी साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू होने वाली घरेलू सीरीज में मैदान पर दिखेंगे।