पत्नी एंड्रिया से कांबली ने दो बार की थी शादी, बेटा भी हुआ शामिल

 19 Sep 2015  1185
भारतीय क्रिकेट के बैड ब्वॉय कहे जाने वाले क्रिकेटर विनोद कांबली एक बार फिर गलत कारणों से सुर्खियों में हैं। इस बार उनकी पत्नी भी चर्चा में हैं। कांबली और उनकी पत्नी पर उनकी नौकरानी ने मारपीट और तीन दिन तक बंधक बनाए रखने का आरोप लगाया है। सोनी नाम की लड़की ने इन दोनों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। हम आपको कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया की पर्सनल लाइफ के बारे में बता रहे हैं।
 
एंड्रिया से दो बार की शादीः
क्रिकेट के साथ कांबली की पर्सनल लाइफ भी रोमांचक रही है। कांबली ने पत्नी एंड्रिया हेविट से दो बार शादी की। उन्होंने मई 2014 में फैशन मॉडल एंड्रिया से दोबारा शादी रचाई थी। पहले उन्होंने कोर्ट मैरिज की फिर पिछले साल पारंपरिक तरीके से बांद्रा के सेंट पीटर्स चर्च में कैथोलिक मैरिज। इस बार उन्होंने शादी के दौरान होने वाले सभी रीति-रिवाज निभाए। इस शादी में उनका बेटा जीसस क्रिस्टियानो भी शामिल हुआ था, जिसका जन्म जून 2010 में हुआ। कांबली और एंड्रिया ने 2010 में कोर्ट मैरिज की थी।
 
स्टाइलिश एंड्रिया बनीं कांबली की दूसरी पत्नीः
क्रिकेट, राजनीति और सिनेमा में अपनी किस्मत आजमा चुके विनोद कांबली की दूसरी पत्नी एंड्रिया उनकी तरह ही काफी स्टाइलिश हैं। शादी से पहले एंड्रिया मॉडल भी रह चुकी हैं। 2006 में उन्होंने विनोद कांबली से शादी की। गौरतलब है कि कांबली की पहली पत्नी नोएला भी बेहद खूबसूरत थीं, लेकिन दोनों का रिश्ता तलाक पर खत्म हुआ था।
 
फिल्मी कहानी रही कांबली कीः
कांबली की कहानी कुछ-कुछ फिल्मी है। जिस लड़के को दिग्गजों ने देश का सबसे टैलेंटेड बल्लेबाज करार दिया था, वही ग्लैमर की चमक में अंधा होकर अपनी राह भूल गया। क्रिकेट से ग्लैमर की तरफ कांबली ने ऐसा कट मारा कि वो दोनों ही फील्ड से आउट हो गए। वो ना ग्लैमर इंडस्ट्री में पैर जमा सके और ना ही क्रिकेट में कमाए नाम को बरकरार रख सके।
 
नहीं संभली स्टारडमः
रणजी टीम में एंट्री मिलने के तीन साल बाद उन्हें टीम इंडिया में खेलने का मौका मिला। पहले सात टेस्ट मैचों में उन्होंने चार सेन्चुरी जड़कर अपना लोहा मनवाया। उन चार सैकड़ों में से दो डबल सेंचुरी थीं। वे इंडिया के लिए टेस्ट में सबसे तेज एक हजार रन बनाने वालै बैट्समैन हैं। कम समय में क्रिकेट के हीरो बने कांबली का स्टारडम जल्द ही खत्म भी होने लगा। कांबली के टीम से बाहर होने के पीछे उनका फॉर्म नहीं, उनका एटीट्यूड था। उन पर शराब पीकर बहसबाजी करने और बल्ले पर जरूरत से ज्यादा रबर ग्रिप चढ़ाने के आरोप लगे। 23 साल की उम्र में महज 17 टेस्ट खेलने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उनका वनडे करियर टेस्ट से लंबा रहा। उन्होंने करियर में 104 वनडे खेले और 2477 रन बनाए।