सीएम फडणवीस और उद्धव ठाकरे को विपक्ष ने बताया ठग्‍स ऑफ महाराष्‍ट्र

 18 Nov 2018  616

 

मुंबई, (18 नवंबर 2018)-  शीतकालीन सत्र की पूर्व संध्या पर विपक्ष ने पोस्टर के माध्यम से सरकार पर आरोपों की बौछार की। एक पोस्टर जारी कर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को लुटेरा दिखाया गया, जिस पर ठग ऑफ महाराष्ट्र, ठगबाजी के चार साल लिखा है। पोस्टर के बारे में विधानसभा में विपक्ष के नेता राधाकृष्ण विखे पाटील और विधान परिषद के धनंजय मुंडे ने कहा कि इस सरकार ने राज्य की साढ़े 11 करोड़ जनता को ठगने के अलावा किया क्या है? सरकार ने किसानों, मजदूरों, गरीबों, व्यापारियों और आम जनता को सिर्फ ठगा है। सरकार पर आरोप लगाते हुए शीतकालीन सत्र की पूर्व संख्या पर आयोजित सरकार की चाय-पान पार्टी का विपक्ष ने बहिष्कार किया। विपक्ष ने फिल्मी पोस्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख पर तंज कसा है। फडणवीस और ठाकरे को ठग ऑफ महाराष्ट्र बताया गया है। पोस्टर में दोनों के हाथ में तलवार है और इनकी पोशाक समुद्री लुटेरों जैसी है। विपक्ष ने यह पोस्टर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने बैक ड्रॉप में लगाया था। गौरतलब है कि हाल में अमिताभ बच्चन और आमिर खान अभिनीत फिल्म ठग ऑफ हिंदुस्तान रिलीज हुई है। इसी तर्ज पर यह पोस्टर बनाया गया है। इस पोस्टर के बारे में विखे पाटील कहते हैं कि जैसे यह फिल्म पिटी, वैसे ही यह सरकार भी पिट गई है। वैसे भी महाराष्ट्र में इन दिनों खूब पोस्टर-कार्टून वॉर चल रहा है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे के पोस्टर के जवाब भाजपा देती रहती है। अब विपक्ष के इस पोस्टर पर सरकार के जवाब का इंतजार है। शीतकालीन सत्र से एक दिन पूर्व विपक्ष ने बैठक कर एकता दिखाई। बैठक में कांग्रेस, राकांपा के अलावा शेकाप के जयंत पाटील, सपा के अबू आसिम आजमी, आरपीआई के जोगेंद्र कवाडे, लोकभारती के कपिल पाटील, कम्युनिस्ट नेता शरद गावित, जीवा गावित, बसवराज पाटील सहित अन्य लोग शामिल हुए। बैठक के बारे में बताया जाता है कि शीतकालीन सत्र में सरकार को हर मुद्दे पर घेरा जाएगा।