आईआईटी ने भारत को वैश्विक ब्रांड बनाया- मोदी
11 Aug 2018
509
आईआईटी मुंबई के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, मैं आपके चेहरे पर जो विश्वास देख रहा हूं, वह यह पुष्टि करता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आईआईटी बॉम्बे को 1000 करोड़ की वित्तीय सहायता दिए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि, आईआईटी के विद्यार्थियों ने भारत के आईटी क्षेत्र का विकास एक-एक ईंट जोड़कर किया है। पीएम मोदी ने कहा कि, क्लीनर ऊर्जा से जल संरक्षण तक, कुपोषण से प्रभावी तरीके से निपटने और अपशिष्ट प्रबंधन से मुकाबला करने की दिशा में युवाओं को आगे बढ़ना होगा। बता दें कि, 1958 में स्थापित आईआईटी बॉम्बे इस वर्ष डायमंड जुबली मना रहा है। पीएम ने कहा कि,आईआईटी ने विश्व में भारत को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया है और इनकी सफलता ने भारत को तकनीकी श्रम शक्ति के रूप में विश्व का सबसे बड़ा केंद्र बनने में मदद की है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ यदि आप नवोन्मेष नहीं करते हैं तो आप एक ही जगह ठहर जाएंगे। ये केवल सरकारी प्रयास नहीं है । नए विचार कैम्पस के युवाओं के दिमाग से आते हैं, सरकारी इमारतों और चमक दमक वाले कार्यालयों से नहीं।’ पीएम मोदी ने आगे युवाओं से अपील करते हुए कहा कि,देश और मानवता के लिए कुछ नया करें। बेहतर कृषि उत्पाद सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ने और जलवायु परिवर्तन को कम करने में युवाओं की भागीदारी का भी उन्होंने जिक्र किया।