अंधेरी रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिरा, 6 घायल
03 Jul 2018
418
मुंबई, (3 जुलाई 2018)- मुंबई में ज़ोरदार बारिश की वजह से अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास गोखले ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया। हादसा आज सुबह साढ़े सात बजे के करीब हुआ, जिसमें 6 लोग घायल हो गए। ये ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है। इस हादसे के बाद पश्चिम रेलवे प्रभावित है,और ब्रिज के आसपास की ट्रैफ़िक रोक दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी रविंदर भाकर ने बताया कि ओवरहेड इक्व्पिमेंट क्षतिग्रस्त हो गया और इसे ठीक करने के लिए इंजीनियरों का एक दल काम पर लग गया है, उन्होंने कहा, ‘फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया है, जिससे पश्चिम रेलवे की सभी सेवाएं बाधित हो गई हैं। हमारे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आपदा प्रबंधन ईकाई के एक अधिकारी ने कहा कि दमकल कर्मी और अन्य एजेंसियां मलबे को साफ करने के काम में जुट गई है। ‘सुबह करीब साढ़े सात बजे पूर्वी पश्चिम रेलवे का फुटओवर ब्रिज अंधेरी पूर्व स्टेशन की तरफ गिर गया। दमकल , मुंबई पुलिस और वार्ड स्टाफ घटनास्थल पर पहुंच गया है.’ उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि तेज बारिश के कारण फुटओवर ब्रिज में दरारें पड़ गई जिससे बाद में पुल ढह गया। उन्होंने बताया कि शुक्र है कि नीचे से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। इस बीच, पश्चिम रेलवे की उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने से शहर थम-सा गया है। कामकाजी लोगों को टिफिन पहुंचाने वाले डब्बावालों ने भी आज काम ना करने में असमर्थता जताई है। आपको बता दें कि मुंबई के कई इलाक़ों में बीती रात से झमाझम बारिश हो रही है, जिससे गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि बारिश की वजह से निचले इलाक़ों में जलजमाव हो गया, जिससे दफ़्तर आने-जानेवालों को परेशानी हो रही है।
►रेल मंत्री ने दिए जांच के आदेश
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच के आदेश दिए हैं। ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा, "ओवरब्रिज का एक हिस्सा अंधेरी स्टेशन के पास ट्रैक पर गिर गया, जिससे रेल यातायात बाधित हुआ है। अधिकारियों को अन्य विभागों के साथ मिलकर हालात दुरुस्त करने और यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।" उन्होंने कहा, "मैंने रेल सुरक्षा आयुक्त को भी जांच के आदेश दिए हैं।"