अमित शाह ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं को बताया पार्टी का असली मालिक

 06 Apr 2018  490

बीजेपी के स्थापना दिवस पर अमित शाह ने मुंबई में की भव्य रैली

तीन लाख से भी ज्यादा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित 

मुंबई, (6 अप्रैल 2018)- भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 6 अप्रैल को अपना 38वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुंबई में करीब तीन लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।अपने भाषण में कार्यकर्ताओं को पार्टी का असली मालिक बताया। इस दौरान शाह ने कार्यकर्ताओं को 'मिशन 2019' का मंत्र दिया और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।अमित शाह ने कहा कि देश में जो मोदी की बाढ़ आई है, उसके डर से चूहे, बिल्ली, सांप और नेवला सब मिल कर चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि बीजेपी अध्यक्ष का इशारा सपा-बसपा गठबंधन समेत जोड़-तोड़ में जुटी अन्य राजनीतिक दलों की तरफ था। शाह ने आगे कहा कि भारत के लोकतंत्र के इतिहास में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने सबसे ज्यादा बलिदान दिया है। 38 साल पहले अटल जी ने मुंबई में बीजेपी की स्थापना की थी, तब उन्होंने कहा था कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा. आज पूरे देश में कमल खिला हुआ है।
 

-----------------10 सदस्यों से शुरू हुई पार्टी
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, "हमारी पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई और आज हमारे 11 करोड़ से ज़्यादा सदस्य हैं, कभी हमको हम दो-हमारे दो के ताने दिए जाते थे और आज हमारी पूर्ण बहुमत की सरकार है। भारतीय जनता पार्टी वर्षों की अपनी यात्रा में एक संगठनात्मक, राष्ट्रभक्त और सुशासन देने वाली पार्टी की छवि बनाने में सफल हुई है। हमारे पूर्वज कहते थे कि हम राजनीति में सत्ता के उपभोग के लिए नहीं है। हम राजनीति में सत्ता को साधन बनाने के लिए आये हैं।उसी रास्ते पर नरेन्द्र मोदी सरकार चल रही है।
 हमारी पार्टी 10 सदस्यों से शुरू हुई थी, आज 11 करोड़ सदस्य हैं। पहले हमारे 2 लोकसभा सदस्य थे लेकिन आज अकेले दम पर बहुमत की सरकार चला रहे हैं। शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी भी राहुल जी, शरद पवार के साथ बैठते हैं। राहुल मोदी सरकार से साढ़े चार साल का हिसाब मांगते हैं, लेकिन खुद की चार पीढ़ियों का हिसाब नहीं देते हैं। कांग्रेस के शासन में किसान फसल के उचित दाम मांगते हुए थक गए, लेकिन कभी उन्हें हक नहीं मिला. बीजेपी ने किसानों को डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का वादा किया है। राहुल बाबा को समझ नहीं है कि सर्जिकल स्ट्राइक से देश को देखने का नज़रिया बदला है। राहुल गांधी हमारे बारे में झूठ फैला रहे हैं। बीजेपी कभी आरक्षण को नहीं हटाएगी और ना ही किसी को हटाने देगी। विपक्ष ने संसद को नहीं चलने दिया, लेकिन हम संसद के अंदर और संसद के बाहर चर्चा के लिए तैयार है। ये भारतीय जनता पार्टी का स्वर्ण काल नहीं है। बीजेपी का स्वर्ण काल तब आएगा, जब पश्चिम बंगाल, ओडिशा और 2019 में उसकी सरकार होगी।