बीजेपी के विराट महामेलावा में तीन लाख कार्यकर्ता होंगे शामिल

 05 Apr 2018  468

शुक्रवार को जोरों शोरों से बीजेपी मनाएंगी 38 वां स्थापना दिवस 

मुंबई, (04 अप्रैल 2018)- भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपना 38 वां स्थापना दिवस (6 अप्रैल) को धूमधाम से मनाने की तैयारी में है। ‘अच्छे दिन’ के वादे के साथ सत्ता पर काबिज़ हुई बीजेपी ने महाराष्ट्र की जनता को लुभाने के लिए 6 अप्रैल को भव्य मेले का आयोजन किया है। जी हां, इसे नाम दिया गया है, ‘महाराष्ट्र भाजपा मेलावा’, जो कि शुक्रवार को मुंबई के बीकेसी (बांद्रा कुर्ला कॉम्लेक्स) में आयोजित होने वाला है। महाराष्ट्र भाजपा मेलावा का स्लोगन है ‘चलो बीकेसी’, मेले का प्रचार-प्रसार ज़ोरो पर चल रहा है। मंगलवार को राज्य के सीएम देवेंद्र फडनवीस ने मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार के साथ बीकेसी का दौरा किया, सीएम ने आयोजन की तैयारियों का ज़ायज़ा लिया। साथ ही तैयारी में जुटे अधिकारियों के साथ बातचीत किया। आयोजन में ज़्यादा से ज़्यादा लोग इकट्ठा हो इसके लिए मुंबई की सड़कों पर बड़ी बड़ी होडिंग्स लगाई गई है। यही नहीं आयोजन की जानकारी मुंबई की लोकल ट्रेन के अंदर अनाउंसमेंट के ज़रिये भी दी जा रही है, और मुंबईकरों को आयोजन में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित भी किया जा रहा है। बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के एमएमआरडीए ग्राउंड पर भाजपा स्थापना दिवस के आयोजन में बड़ी संख्या में बीजेपी अपना शक्तिप्रदर्शन करेगी। यहां आम आदमी के साथ जुटने वाले तीन लाख से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह संबोधित करेंगे। आपको बता दें कि जनता पार्टी से विघटन होने के बाद 6 अप्रैल, 1980 को मुंबई के बांद्रा इलाके में ही भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी। आज 38 सालों बाद केंद्र सहित 22 राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं। यही वजह है कि पार्टी इस बार ज़ोरदार जश्न मनाने के मूड में है। इस जश्न के जरिए आम लोगो को भी ज़्यादा से ज़्यादा जोड़ने की कोशिश की जा रही है।