मंत्रालय में आत्महत्या की कोशिश करनेवाले युवक की हुई मौत

 08 Feb 2018  437
मुंबई, (07 फरवरी 2018)- महाराष्ट्र का मंत्रालय सुसाइड प्वाइंट बन गया है। बृहस्पतिवार को 45 वर्षीय हर्षल रावते नामक व्यक्ति मंत्रालय की पांचवीं मंजिल से कूद गया। उसे आनन-फानन में सेंट जार्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बीते 15 दिन में मंत्रालय परिसर में आत्महत्या करने की कोशिश करने की यह तीसरी घटना है। राज्य विधानमंडल बजट सत्र से पहले इस तरह की घटना फडणवीस सरकार के लिए बेहद चिंता का विषय है।
 
बताया गया है कि हर्षल हत्या का मुजरिम था। उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी, लेकिन हाल के दिनों में वह पेरोल पर जेल से बाहर आया था। मुंबई के चेंबूर निवासी हर्षल मंत्रालय का पास लेकर गृह विभाग में किसी काम के लिए आया था। शाम के समय जब लोग काम खत्म कर निकल रहे थे तभी यह हादसा हुआ। गंभीर रूप से जख्मी हालत में उसे सेंट जार्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।