मेट्रो के लिए ढ़ाई हजार पेड़ों का होगा कत्ल

 05 Feb 2018  494
► वृक्ष प्राधिकरण समिति के समक्ष पेश होगा प्रस्ताव

► पेड़ों के कत्ल का विरोध करेगी कांग्रेस
 
 
मुंबई, (5 फरवरी 2018)- मुंबई मेट्रो 3 की योजना के लिए 2 हजार 742 पेड़ों को काटा जाएगा। बीएमसी के वृक्ष प्राधिकरण समिति में इससे संबंधित प्रस्ताव जल्दी ही बीएमसी प्रशासन द्वारा पेश किया जाएगा। जिसका विरोध मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष संजय निरूपम ने सोमवार को मुंबई कांग्रेस के कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया। निरूपम ने कहा कि मुंबई मेट्रो की योजना के लिए पेड़ों के कत्ल का विरोध मुंबई कांग्रेस को है,जिसके तहत आगामी 8 फरवरी को वृक्ष प्राधिकरण की बैठक में इस प्रस्ताव का जोरदार विरोध किया जाएगा।
 
► मेट्रो-3 की योजना के कारण पर्यावरण को होगा बड़ा नुकसान
 
निरूपम ने बताया कि मुंबई में मेट्रो 3 के कारण ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होगी, लेकिन इस योजना से पर्यावरण को बड़ा नुकसान होने वाला है। फिलहाल मुंबई में कई जगहों पर मेट्रो योजना से संबंधित काम शुरू है। जिसके कारण मुंबई में स्थित बड़ा हरित पट्टा बाधित हो रहा है। बीएमसी प्रशासन ने 2742 पेड़ों को काटने एवं 893 पेड़ों को पुनरोपित करने का प्रस्ताव वृक्ष समिति के समक्ष पेश करने की तैयारी की है, जिसके कारण सौ वर्षों से भी पुराने वृक्ष बाधित होनेवाले है। एक बार पेड़ों को तोड़ने के बाद उनको फिर से लगाना असंभव है, और पेड़ों का पुनरोपण करने के बाद भी वह पेड़ जीवित नहीं रहते है। इस कारण पुनरोपण किए जाने वाले पेड़ों की अंत में मृत्यू होना तय होती है। इसलिए वृक्ष प्राधिकरण समिति मे पेड़ों की कटाई के प्रस्ताव का पुरजोर विरोध कांग्रेस के सदस्यों द्वारा किया जाएगा। निरूपम ने आगे बताया कि इस बार के पेड़ों की कटाई से संबंधित प्रस्ताव में प्रशासन ने दांव खेलते हुए आरे स्थित मेट्रो के कारशेड के लिए भी 431 पेड़ों की कटाई का भी प्रस्ताव पेश करने की तैयारी की है। हालांकि आरे स्थित मेट्रो कारशेड के लिए पेड़ों की कटाई का विरोध सारे स्थरों पर हो रहा है, और शिवसेना ने भी मेट्रो के नाम पर पेड़ों की कटाई का विरोध किया था। लेकिन प्रशासन द्वारा मेट्रो योजनाओं की पूर्ति के लिए एक साथ कई जगहों के पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव समिति के समक्ष पेश करने का दांव खेला जा रहा है, जिसका विरोध कांग्रेस द्वारा किया जाएगा।
 
► पीएम को पेड़ों की कटाई रोकनी चाहिए
 
> निरूपम कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एक ओर पर्यावरण बचाने का संदेश देते हैं। लेकिन दूसरी ओर मुंबई में मेट्रो योजना के माध्यम से पेड़ों के कत्ल करने का काम शुरू है। मोदी को पर्यावरण के विषय में बोलना नहीं चाहिए, या तो मेट्रो के काम के कारण बाधित होने वाले पेड़ों का कत्ल रोकना चाहिए।