मुंबई, (31 जनवरी 2018)- अभिनेत्री जिया खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अभिनेता सूरज पांचोली के खिलाफ मुंबई की सेशन कोर्ट ने आरोप तय कर दिए है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूरज के वकील ने कहा कि वे निर्दोष हैं ,और इस मामले में गवाहों का एग्जामिनेशन 14 फरवरी से किया जाएगा। जून 2013 में जिया खान की बॉडी उनके घर में लटकी मिली थी। बता दें कि सूरज आदित्य पंचोली के बेटे हैं। जिया खान की मां राबिया ने बॉम्बे हाईकोर्ट से इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया था। सीबीआई ने कहा कि सूरज ने पूछताछ के दौरान तथ्यों को छिपाया और गलत जानकारी दी। जांच एजेंसी ने ये भी कहा कि "पहले इस मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने 3 पेज का नोट जब्त किया था। इसमेें जिया खान ने लिखा था कि मारपीट, दिमागी और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने खुदकुशी जैसा कदम उठाया। इस नोट में सूरज पंचोली का नाम नहीं लिया गया था और ना ही जिया के साइन थे। लेकिन, ये सूरज को दोषी ठहराता है। गौरतलब है कि सीबीआई ब्रेन मैपिंग और पॉलीग्राफ टेस्ट चाहती थी, लेकिन सूरज ने इससे इनकार कर दिया। चार्जशीट के मुताबिक, यंग एक्ट्रेस जिया खान ने 3 जून 2013 में फांसी लगाकर कथित तौर पर सुसाइड कर लिया था। वे इसी दिन सूरज पंचोली का घर छोड़कर अपने घर आई थीं। सुसाइड से पहले वे दो दिन तक सूरज के घर में ही थीं। जिया की मां राबिया ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी। राबिया ने कहा था कि जिया का मर्डर किया गया है। सीबीआई ने जांच के बाद कोर्ट में चार्जशीट फाइल की थी। इसमें जिया के ब्वॉयफ्रेंड सूरज पंचोली पर गंभीर आरोप लगाए थे।