हज सब्सिडी खत्म करना बीजेपी का चुनावी अजेंडा -अबू आसिम आजमी

 18 Jan 2018  424
 
 
मुंबई, (17 जनवरी 2018)- मोदी सरकार द्वारा मुसलमानों को हज यात्रा के लिए दी जाने वाली सब्सिडी ख़त्म करने के  फैसले पर  समाजवादी पार्टी के मुंबई /महाराष्ट्र अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है और कहा है कि हज सब्सिडी खत्म करना बीजेपी की २०१९ की चुनावी तैयारी है। जिस सब्सिडी को ४ साल में खत्म किया जाना था उसे इतनी जल्दी खत्म करके सरकार ने अपनी मंशा जताई है। आजमी ने आगे कहा की जब से बीजेपी सरकार आयी तभी से हज सब्सिडी को लेकर बात हो रही थी क्योंकि हज सब्सिडी खत्म किया जाना बीजेपी का चुनावी एजेंडा रहा है।उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हिंदूवादी एजेंडे के तहत उक्त फैसला किया है।  ऐसे में हज सब्सिडी खत्म करने पर आश्चर्य नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हज के दौरान टिकटों की और अन्य समानों की खरीददारी पर रियायत मुसलमानों का हक़ है। आजमी ने आगे कहा कि हज सब्सिडी खत्म करने के पीछे लड़कियों को शिक्षा का हवाला दिया जा रहा है। ऐसे में आजमी में केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख़्तार अब्बास नकवी से सवाल किया कि क्या सरकार के पास लड़कियों की  शिक्षा के लिए फंड नहीं है ?क्या सरकार अब मुसलमानों के हक़ के पैसे से लड़कियों को पढ़ाएगी। आजमी ने कहा कि मुसलमान अपनी गाढ़ी कमाई से हज करने जाता है। ऐसे में उसकी यात्रा पर उसे रियायत मिलाना ही चाहिए। आजमी ने बताया कि हज के लिए आवेदन आदि का पैसा जो बैंक में जमा होता है उसके लिए ग्लोबल टेण्डर निकलना चाहिए।