-
नेतन्याहू लोकतंत्र का विरोधी और आतंकवाद का पोषक -अबू असीम आजमी
-
नेतन्याहू के मुम्बई दौरे के खिलाफ बुधवार को सपा का मुम्बई में धरना प्रदर्शन
मुंबई, (16 जनवरी 2018)- इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू लोकतंत्र का विरोधी और आतंकवाद का पोषक है। ऐसे में नेतन्याहू के भारत दौरे का समाजवादी पार्टी विरोध करती है। यह बात आज यहां आयोजित एक प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के मुम्बई / महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू असीम आजमी ने कहा। आजमी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि इजरायल येरुशलम को राजधानी बनाना चाहता है। चूंकि येरुशलम पर फिलिस्तीनी का हक है इस कारण दुनिया के 128 देशों ने नेतन्याहू के कदम का विरोध किया है। लेकिन भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इजरायल से दोस्ताना संबंध बढ़ा रहे हैं, यह गलत है। आजमी ने नेतन्याहू के दौरे और भारत मे गर्मजोशी से स्वागत किये जाने की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने बताया कि जिस तरह इजरायल फिलिस्तीन में मुसलमानों के अधिकार का हनन कर रहा है उसी तरह भारत मे भी अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों का हनन का प्रयास जारी है। ऐसे में पार्टी नेतान्याहू के भारत दौरे कड़ा विरोध करती है। आजमी ने बताया कि आज इजरायल को आतंकवाद का विरोधी देश बताया जा रहा है जो सही नही है, दरअसल इजरायल आतंकवाद का पोषक देश है। आजमी ने बताया कि लोकतंत्र और मुसलमान विरोधी नेतन्याहू का भारत मे स्वागत किया जाना गलत और निंदनीय है। पत्रकार परिषद में आजमी ने बताया कि मुंबई में एक सड़क का नाम इजरायल के एक विवादित नेता के नाम पर किये जाने का प्रस्ताव है। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। उन्होंने कहा कि यदि सड़क का नाम ही देना है, तो फिलिस्तीनी नेता याशीर अराफात का नाम दिया जाए, जिन्हें शांति के लिए नोबल पुरस्कार मिला है। विवादित नेता के नाम पर सड़क के नामकरण का सपा मनपा में विरोध करेगी। आजमी बताया कि समाजवादी पार्टी के मुंबई प्रदेश चीफ जेनरल सेक्रेटरी मेराज सिद्दीकी के नेतृत्व में बुधवार को समाजवादी पार्टी नेतन्याहू के मुंबई दौरे के खिलाफ नागपाड़ा, जोगेश्वरी और मानखुर्द धरना प्रदर्शन करेगी।