मुंबई समेत राज्य भर में बंदी, लाइफलाइन ठप, जगह-जगह प्रदर्शन

 03 Jan 2018  453
मुंबई, 3/01/18 



महाराष्ट्र में फैली हिंसा का असर को लोकसभा में भी दिखा। विपक्षी दलों ने जोर-शोर से महाराष्ट्र हिंसा का मुद्दा उठाया। कांग्रेस की तरफ से मल्लिकार्जुन खडग़े ने मोर्चा संभाला और बीजेपी-आरएसएस पर हमला बोला। सरकार की तरफ से संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने जवाबी हमला किया और कांग्रेस पर देश को बांटने की राजनीति का आरोप लगाया। लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि इस पूरे मामले पर पीएम नरेंद्र मोदी को सदन में जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र हिंसा की आग में जल रहा है और सरकार की तरफ  से कोई कार्रवाई नहीं की गई। यह बीजेपी और आरएसएस की साजिश है। लोगों को समुदाय, जाति के नाम पर लड़ाना और भड़काना ही बीजेपी की नीति रही है। समाज में बंटवारा करने के लिए कट्टर हिंदुत्ववादी ताकतों का हाथ है। महाराष्ट्र में जो आरएसएस के लोग हैं, इस हिंसा के पीछे उनका हाथ है। खडग़े ने मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के जज से करवाने की मांग की। इस मौके पर विपक्ष ने पीएम मोदी पर भी हमला बोला। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह के मामलों पर मौनी मोदी बन जाते हैं। यह नहीं चलेगा, उन्हें इस गंभीर मुद्दे पर जवाब देना ही होगा।