कमला मिल आग दुर्घटना में 14 की मौत

 29 Dec 2017  465
मुंबई, 29 दिसंबर

मुंबई के कमला मिल कंपाउंड स्थित 1-अबव रेस्तरां, लंडन टैक्सी बार और मोजो पब में गुरुवार देर रात भीषण आग लग जाने से 14 लोगों की मौत हो गई और 16 लोग घायल हो गए। मरने वालों में 12 महिलाएं और 2 पुरुष हैं। घायलों को केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किंग एडवर्ड मेमोरियल हॉस्पिटल (केईएम) ने 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने 1-अबव रेस्तरां के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 के तहत केस दर्ज कर लिया है। आग लगने की वजह शाट सर्किट बताई जा रही है। हादसे पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडनवीस ने दुख जताया है। सीएम फडणवीस ने बीएमसी कमिश्नर को मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय पब में एक बर्थ डे पार्टी चल रही थी। जन्मदिन खुशबू मेहता नाम की एक महिला का था। हादसे में खुशबू की भी मौत हो गई है। इस हादसे के बाद उसके परिवार वाले सदमे में हैं। मामले में मोजो लाउंज रेस्टोरेंट-बार के मालिकों और मैनेजर के खिलाफ  गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। रेस्टोरेंट के 2 मालिकों और मैनेजर के खिलाफ  धारा 304 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में रेस्टोरेंट की लापरवाही की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।