नारायण राणे के राज्य विधान परिषद सदस्य से अपना इस्तीफा देने से यह सीट हुई है खाली
रिर्पोटर, मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता नारायण राणे द्वारा कांग्रेस छोड़ने के बाद खाली हुई महाराष्ट्र विधान परिषद की सीट के लिए 7 दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग ने बुधवार को इस बात की जानकारी दी। चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को घोषित किए गए चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक मतदान वाले दिन ही शाम को नतीजों की घोषणा भी कर दी जाएगी। राज्य विधानमंडल के उच्च सदन में खाली हुई इस सीट को विधायक कोटा से भरा जाएगा।
बीजेपी में शामिल होने की अटकलों के बीच नारायण राणे ने सितंबर में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राज्य विधान परिषद के सदस्य के तौर पर भी अपना इस्तीफा दिया था।कांग्रेस छोड़ने के बाद राणे ने महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाई था। पिछले महीने राणे ने कहा था कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने उन्हें बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए में शामिल होने के लिए न्योता दिया है। 288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में बीजेपी के 122 विधायक हैं।उसकी सहयोगी शिवसेना के 63 सदस्य हैं।
--- बीजेपी के प्रसाद लाड की जीत तय
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी की तरफ से प्रसाद लाड को उम्मीद्वारी दी गई है, जिसके चलते शिवसेना ने भी अपना समर्थन लाड को देने का निर्णय लिया है। बीजेपी के 122 विधायक, मित्रपक्ष का 13 सदस्य और शिवसेना के 63 सदस्यों में 62 सदस्यों का समर्थन मिला है। बता दें कि शिवसेना के राज्यमंत्री अर्जुन खोतकर की सदस्यता हाईकोर्ट ने रद्द की है, जिसके चलते उनको मतदान का अधिकार नहीं है। इस कारण लाड को 197 मत मिलने की अपेक्षा है। इस चुनाव में जीत के लिए 145 मत मिलना जरूरी है। लेकिन लाड को 197 मत मिलने की अपेक्षा के कारण उनकी जीत तय मानी जा रही है। बता दें कि कांग्रेस की ओर से सोलापूर के पूर्व आमदार दिलीप माने को उम्मीद्वारी दी गई है। उन्हें एनसीपी और कुछ मित्कारपक्षों का समर्थन प्राप्त है। जिसके चलते माने को 90 से 92 मत मिलने की संभावना है। कांग्रेस के 42 मत, एनसीपी 41 मत और मित्रपक्षों का सात से आठ मत मिलने की संभावना जताई जा रही है।