श्वेता शालिनी ने की मांग
मुंबई। 24 october 2017
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता श्वेता शालिनी ने छठ पूजा के दौरान मूलभूत सुविधाएं दिए जाने की मांग की है। श्वेता ने मुंबई महानगर पालिका आयुक्त से मिलकर छठ पूजा के दौरान दो स्वागत द्वार बनाए जाने के साथ ही जुहू तट की सफाई के लिए 500 सफाईकर्मियों सहित अतिरिक्त सफाई मजदूरों की तैनाती की मांग की है। जानकारी के अनुसार मनपा आयुक्त अजोय मेहता ने श्वेता की मांगों पर तत्काल अमल का भरोसा दिया है।
श्वेता ने मनपा आयुक्त से जुहू तट पर छठ पूजा के दौरान 5 वाच टावर स्थापित किए जाने की भी मांग की है जिसमें सर्च लाइट लगी हों। इससे छठ उपासकों को आने-जाने में आसानी हो। श्वेता के अनुसार ऐसे धार्मिक आयोजनों के दौरान महिलाओं को शौचालय की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने छठ पूजा के दौरान कम से कम 20 मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था किये जाने की मांग मेहता से की है।
भाजपा प्रवक्ता ने मनपा आयुक्त से छठ पूजा के दौरान 10 पीने के पानी के टैंक और मेडिकल कैम्प लगाए जाने की भी मांग की है ताकि लोगों को पीने का स्वच्छ पानी आसानी से मिल सके और आवश्यकता पड़ने पर उपासकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।