अब इस दिवाली लोगों को रुलाएगा प्याज, बढ़ रही है कीमतें…

 15 Oct 2017  556

देश की सबसे बड़ी मंडी का हाल है महंगाई से बेहाल

 


मुंबई, देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी महाराष्ट्र के नासिक में लासलगांव स्थित है। देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी में प्याज की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं थोक व्यापारियों की मानें तो दिवाली तक प्याज महंगा होता रहेगा। लासलगांव ऐग्रिकल्चर प्रॉड्यूस मार्केट कमेटी (APMC) के थोक प्याज व्यापारियों ने कहा कि मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते फासले की वजह से प्याज के दाम बढ़ रहे हैं। एपीएमसी में पिछले 10 दिनों में प्याज की कीमत औसतन 80 प्रतिशत बढ़ गई है।
 

35 रुपये प्रति किलो होगा भाव

बाजार खुलते ही इसमें 21.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। सोमवार को प्याज औसतन 2,020 रुपये प्रति क्विंटल था, जो बढ़कर 2,451 रुपये प्रति क्विंटल हो गया। नासिक में खुदरा प्याज 30 रुपये प्रति किलो बिकने लगा है और कुछ दिनों में भाव 35 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता है। हालांकि, देश के दूसरे हिस्सों में प्याज 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकता है। लासलगांव मंडी में करीब 8,000 क्विंटल प्याज की बोली लगी, सोमवार को लासलगांव एपीएमसी में 21,000 क्विंटल प्याज की बोली लगी थी।