अर्बन महाराष्ट्र ‘शौच मुक्त’ समारोह में शामिल हुए राष्ट्रपति कोविंद
मुंबई, महाराष्ट्र के शहरी राज्य को खुले में शौच मुक्त करने के लिए रविवार को मुंबई के वर्ली स्थित एनएससीआई में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि खुले में शौच मुक्त और स्वच्छ भारत अभियान की जो नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2015 को रखी थी, ठीक दो साल बाद शहरी महाराष्ट्र को ओडीएफ (ओपन डिफिकेशन फ्री) राज्य घोषित करने के लिए हमें बहुत खुशी हो रही है। इससे प्रतीत होता है कि पीएम मोदी ने जो सपना देखा था, उस तरफ लोग तेजी से अग्रसर हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति की धर्मपत्नी सविता कोविंद, राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्यपाल, सी. विद्यासागर राव, मंत्री पंकजा ताई मुंडे, बबनराव मुड़ेकर, डॉ. रंजीत पाटिल, दादाजी भुसे, सदाभाऊ खोप, मुख्य सचिव सुमित मलिक, श्यामलाल गोयल, मनीषा समेत शासन और प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित थे।
कचरे का सेगरिकेशन है अगला पड़ाव : देवेंद्र फडणवीस
इस मौके पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमने खुले में शौच मुक्त करने का जो सपना देखा था, उसे दो साल में हमने पूरा कर दिखाया है। इसका श्रेय हमारी टीम और राज्य के हर वो नागरिक को जाता है, जो खुले में शौच नहीं करना चाहता। हमने शहरी महाराष्ट्र को सिर्फ ‘ओडीएफ’ ऐसे ही घोषित नहीं कर दिया गया, बल्कि इसे हर तरह के जांच के बाद ही घोषित किया गया है। ओडीएफ का मतलब है कि आज हर किसी को उसके घर में ऑफिस में किसी न किसी रूप में शौचालय उपलब्ध हैं। फिलहाल यह पहला स्टेप है। इससे पूर्णरूप से हगनदारी मुक्त या शौच मुक्त नहीं होता, इसके लिए हमें लोगों की सोच बदले की जरूरत है। इसके लिए हमने एक ‘गॉड वॉच’ कमेटी तैयार की, जो लोगों को आसानी और सरलता से तरह-तरह के लहजे में सामने वाले को खुले में शौच न करने की हिदायत देगें और उनकी समस्या का हल निकालेंगे। आगे की रणनीति के बारे में बताते हुए फडनवीस कहते हैं कि हमारी अगली सीढ़ी कचरे का सेग्रीगेशन करना है, जिसे पूरे साइंटिफिक तरीके से उसके प्रयोग को भी निर्धारित किया जाएगा।
शौच मुक्त के लिए दूसरा पड़ाव भी हो रहा तैयार : पंकजा ताई मुंडे
समारोह में मौजूद राज्य की मंत्री पंकजाताई मुंडे ने कहा कि हम सिर्फ शहरी महाराष्ट्र को शौच मुक्त घोषित करके ही रुकने वाले नहीं हैं, बल्कि इसे सफल और आगे भी सुचारु रूप से जारी रखने के लिए दूसरे पड़ाव पर भी जल्द काम करने वाले हैं। इसमें हम शौचालय बन जाने के बाद भी उन्हें यूज न करने को लेकर आने वाली छोटी से बड़ी समस्याओं का निवारण करने वाले हैं। बहरहाल, आज देश के प्रथम नागरिक रामनाथ कोविंद को 72वां जन्मदिन भी है। रविवार को तड़के राष्ट्रपति अपनी धर्मपत्नी के साथ शिर्डी के साईं बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लए पहुंचे। इसके अलावा उन्होंने वहां पर शिर्डी एयरपोर्ट की नींव भी रखी। साथ ही अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास किया। इसके बाद वे जब इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे तो उन्हें सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सभी की तरफ से बधाई भी दी।