एलफिस्टन-परेल हादसे में 22 लोगों की मौत
05 Oct 2017
580
अनिता शुक्ला, मुंबई
शुक्रवार को सुबह 10.30 बजे देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले मुंबई में एलफिस्टन स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज पर मची भगदड़ में 22 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। गौरतलब है कि मुंबई स्थित एलफिस्टन रोड स्टेशन और परेल स्टेशन को जोड़ने वाली पदचारी पूल पर एक अफवाह के चलते भयानक हादसा हो गया, जिसमें 22 लोगों की मृत्यू हो गई और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए। फिलहाल घायलों का इलाज केईएम अस्पताल में चल रहा है।
------बीएमसी प्रशासन ने बढ़ाया मदद का हाथ
हादसे की जानकारी मिलते ही बीएमसी ने घटनास्थल पर अपनी आरोग्य सेवा लोगों की मदद के लिए भेजा। बीएमसी ने केईएम हास्पिटल के 4 डाक्टर 14 एम्ब्यूलेंस, 10 वैद्कीय अधिकारियों और कर्मचारियों को भेजा। शुक्रवार को बीएमसी उपायुक्त सुधीर नाईक ने बताया कि कुछ घायलों को रक्त की आवश्यकता हुई, जिसकी पूर्तता केईएम हास्पिटल ने की। केईएम हास्पिटल में भरपूर रक्त मौजूद था। बीएमसी ने ब्लड डोनेशन का आवाहन नहीं किया था। ब्लड डोनेशन का आवाहन मुंबई पुलिस द्वारा किया गया था।
------बॉलीवुड ने बदहाल व्यवस्था को ठहराया जिम्मेदार
इस हादसे पर बॉलीवुड ने भी शोक जताया है, बदहाल होती रेल व्यवस्था के लिए सरकार की खिंचाई की है।
बॉलीवुड एक्टर और स्टैंडअप कॉमेडियन वरुण ग्रोवर ने परेल हादसे पर गहरा दुख जताया हैं, उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट कर इस हादसे के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है, उन्होंने लिखा है कि "मैं हर रोज ऐसे हादसे से डरता रहता हूं, मुंबई का हर रेलवे स्टेशन मौत के जाल की तरह है। बदहाल इंफ्रास्ट्रक्चर उदासीनता की वजह से और भी बदतर हो गई है। बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम ने ट्विटर पर लिखा, ‘मैं ट्रेन में सफर करते हुए ही बड़ा हुआ हूं। जानकार दुख हुआ कि जिस रेलवे स्टेशन को मैं हर रोज क्रॉस करता हूं, वो दुर्घटना का शिकार हो गया। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। हालांकि हादसे पर रेलवे के प्रवक्ता अनिल सक्सेना ने कहा कि इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ये हादसा क्यों हुआ ये अभी कहा नहीं जा सकता।
-----राष्ट्रपति और पीएम ने जताया शोक
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पीयूष गोयल भी मुंबई में ही हैं और स्थिती पर नजर बनाए हुए हैं। रेल मंत्री पीयूष घोयल ने भी हादसे के जांच के आदेश दे दिए हैं। महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया है वहीं घायलों में हर तरह ही मेडिकल सुविधा दी जाएगी।
------एक सप्ताह में होगा सारे ब्रिजों का सर्वे
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई स्थित सारे ब्रिजों का सर्वे आनेवाले एक सप्ताह के अंदर किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार सारे ब्रिजों की मरम्मत, चौड़ीकरण और नूतनीकरण का काम किया जाएगा।