शिक्षित बेरोजगार महिलाओं को मिलेगा परमिट सहित रिक्शा : शिवसेना

 30 Mar 2017  820
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
शिवसेना ने मुंबई में शिक्षित बेरोजगार महिलाओं को रिक्शा का परमिट दिए जाने का निर्णय किया है। इस संदर्भ में मातोश्री महिला बचत गट महासंघ, महाराष्ट्र ऑटो रिक्शा चालक सेना, मातोश्री विजया फाउंडेशन व टीवीएस मोटर कंपनी के सहयोग से जरूरतमंद बेरोजगार महिलाओं की मदद की जाएगी। महाराष्ट्र रिक्शा चालक सेना के राजन देसाई ने बताया कि इस कार्यक्रम से जहां एक ओर बेरोजगार महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा, वहीं महिला यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अवसर मिल सकेगा। मिली जानकारी के अनुसार मुंबई महानगर में रात के समय सूनसान जगहों पर महिला यात्रियों के साथ छेड़खानी की बहुत सी घटनाएं घट चुकी हैं। इसी प्रकार रिक्शा चालकों के महिला यात्रियों के साथ बदतमीजी की भी घटनाएं शहर में आएं दिन घटती रहती हैं। इन घटनाओं को कम करने के लिए शिवसेना की ओर से इस तरह की योजना तैयार की गई है। परिवहन मंत्री दिवाकर रावते ने महिलाओं को इस क्षेत्र में आगे लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को यथासंभव मदद करने की हिदायत भी दी है।