शिव स्मारक की ऊंचाई बढ़ाने की मांग करेगी समिति

 30 Mar 2017  985
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
 
शिव स्मारक समिति राज्य सरकार और केंद्रीय पर्यावरण विभाग के पास एक प्रस्ताव भेजकर समुद्र में बनने वाले शिव स्मारक की ऊंचाई 192 मीटर से बढ़ाकर 210 मीटर करने की मांग करेगी। अगर ऊंचाई बढ़ा दी गई तो यह शिवाजी का पुतला विश्व का सबसे ऊंचा पुतला बन जाएगा। साथ ही चीन में बने बुद्ध के पुतले से शिव स्मारक ऊंचा हो जाएगा। इस आशय की जानकारी शिव स्मारक समिति के चेयरमैन विनायक मेटे ने देते हुए कहा है कि शिवाजी महाराज महाराष्ट्र के आराध्य हैं। वे हमारे लिए व आने वाली पीढ़ी के भी प्रेरणास्थान हैं। गौरतलब है कि चीन के लुशान कौंटी में स्प्रिंग टेंपल बुद्धा विश्व का सबसे ऊंचा पुतला है। पहाड़ पर इस पुतले का निर्माण 2008 में किया गया था। इसकी मूल ऊंचाई 153 मीटर है। पर पहाड़ पर होने के कारण, पुनर्आकार देने व चबूतरा बना देने से इसकी ऊंचाई 208 मीटर है। सरकार का कहना है कि हमें शिव स्मारक की ऊंचाई ज्यादा चाहिए। इसलिए निविदा निकालने के बाद शिव स्मारक की ऊंचाई 210 मीटर करने का प्रस्ताव केंद्रीय पर्यावरण विभाग को भेजा जाएगा। विनायक मेटे ने कहा कि स्मारक बनाने के लिए जो भी संभव है, उसे किया जाएगा। राज्य सरकार जहां इसके लिए 3600 करोड़ रुपए की व्यवस्था की है, वहीं पहले चरण के लिए निविदा हेतु 2500 करोड़ की राशि सुरक्षित रखी गई है। इसके अलावा मनपा चुनाव के दौरान यह अनेक पार्टियों के वचननामे में शामिल था। यह शिव स्मारक मंदिर, संग्रहालय, अस्पताल, रायगढ़ किले के प्रवेश द्वार की प्र्रतिकृति और शिवाजी महाराज के जीवन की झांकी के रूप को समेटे हुए होगा। शिव स्मारक देखने जाने के लिए 180 मीटर ऊंचाई पर जाने के लिए लिफ्ट की व्यवस्था रहेगी।