काम पर लौटे महाराष्ट्र के हड़ताली डॉक्टर

 30 Mar 2017  797
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
 
महाराष्ट्र में डॉक्टरों के साथ होने वाली मारपीट के विरोध में गत पांच दिनों से हड़ताल पर रहे डॉक्टर शनिवार की सुबह काम पर लौट आए हैं। डॉक्टरों के साथ होने वाली मारपीट के विरोध में मार्ड ने काम बंद आंदोलन शुरू किया था। हाईकोर्ट की फटकार व सरकार की सख्ती के चलते डॉक्टर काम पर लौटे हैं। गौरतलब है कि डॉक्टरों ने अपने साथ होने वाली मारपीट के विरोध में सोमवार से काम बंद आंदोलन करते हुए हड़ताल पर चले गए थे। इस दौरान हाईकोर्ट ने हड़ताली डॉक्टरों को जमकर फटकारा था, पर इस फटकार का जब डॉक्टरों पर कोई असर नहीं हुआ तो शुक्रवार को पुन: हाईकोर्ट ने आदेश देते हुए कहा कि शनिवार की सुबह से काम पर आ जाओ, नहीं तो राज्य सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। इसी तरह सरकार ने भी हड़ताली डॉक्टरों पर जब सख्ती दिखाई तो शनिवार की सुबह से ही हड़ताली डॉक्टर काम पर लौट आए। काम पर लौटने के पूर्व मार्ड ने हाईकोर्ट में प्रतिज्ञापत्र देते हुए कहा था कि हड़ताली डॉक्टर शनिवार की सुबह से काम पर हाजिर हो जाएंगे। मार्ड ने हड़ताली डॉक्टरों से आह्वान करते हुए कहा कि जो डॉक्टर काम पर नहीं लौटेंगे, उनके खिलाफ राज्य सरकार या मनपा प्रशासन कार्रवाई कर सकती है।