जनता को मरने के लिए छोड़ा गया तो बर्दाश्त नहीं होगा : फड़णवीस

 29 Mar 2017  809
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
 
जनता का पैसा सरकारी डॉक्टरों की शिक्षा पर खर्च होता है, उसी जनता को तुम मरने के लिए छोड़ दोगे तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी चेतावनी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने राज्य के हड़ताली डॉक्टरों को दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टरों से अपील की गई, हाथ भी जोड़ा गया, पर वे असंवेदनशील बने हुए हैं। गौरतलब है कि राज्य में डॉक्टरों पर होने वाले हमले की घटनाओं के बाद निवासी डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर हड़ताल शुरु कर दिया है। इस पर मुंबई हाईकोर्ट ने पहले तो उन्हें जमकर फटकार लगाई और बाद में उन्हें काम पर आने का आदेश दिया। सरकार की ओर से वैद्यकीय मंत्री ने भी हड़ताली डॉक्टरों से काम पर लौट आने की अपील की और साथ ही धमकी भी कि यदि वे हड़ताल जारी रखते हैं तो उनका छह महीने का वेतन काट लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने भी सुरक्षा का पूरा आश्वासन देते हुए हड़ताली डॉक्टरों से काम पर लौट आने के लिए कहा था। इस पर मार्ड ने डॉक्टरों से काम पर लौट आने की अपील की है, बावजूद डॉक्टर अब भी अपने रवैये पर कायम हैं। अब मुख्यमंत्री ने विधानसभा में उन्हें चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर आप मरीजों को मरने छोड़ दोगे पर तो तुम्हें देव नहीं, दानव कहा जाएगा। साथ ही यह भी कहा है कि जनता के पैसे से सीखने वाले डॉक्टरों उन्हें मरने के लिए मत छोड़ोे, यदि आप ऐसा करते रहेंगे तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज अंतिम बार कह रहा हूं, हाथ भी जोड़ रहा हूं। अपनी शपथ को याद करो और काम पर लौटो। हड़ताली डॉक्टरों से चर्चा करने के बाद वैद्यकीय मंत्री ने कहा कि मांगे न पूरी होने पर वे राजीनामा दे देंगे। इसके बावजूद डॉक्टर असंवेदनशील बने हुए हैं।