रात आठ बजे तक काम पर नहीं लौटे तो कटेगी छह महीने की पगार : सरकार

 27 Mar 2017  805
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
 
 
सामूहिक अवकाश पर गए सभी डॉक्टरों को चेतावनी देते हुए राज्य सरकार ने कहा है कि वे बुधवार रात आठ बजे तक काम पर नहीं लौटे तो छह महीने की पगार काट ली जाएगी। वैद्यकीय शिक्षण मंत्री गिरीश महाजन ने सरकार की ओर से सामूहिक अवकाश पर गए डॉक्टरों को यह चेतावनी दी है। गौरतलब है कि राज्य के डॉक्टर सुरक्षा की मांग को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताली डॉक्टरों को हाईकोर्ट ने भी फटकार लगाई है। बावजूद इसके वे हड़ताल पर ही जमे हुए हैं। इस पर सरकार की ओर से वैद्यकीय शिक्षण मंत्री गिरीश महाजन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि रेजिडेंट डॉक्टर काम पर लौटें, उनके हड़ताल पर होने के कारण मरीजों का बुरा हाल है। हम मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकते हैं। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए लिखित आश्वासन दिया गया है। सुरक्षा की मांग को एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इसी क्रम में नागपुर में 370 डॉक्टरों को तो सोलापुर में 114 डॉक्टरों को निलंबित कर दिया गया है। मुंबई में हड़ताल पर गए डॉक्टरों के पंजीयन को रद्द करने की चेतावनी दी गई है।