विधानभवन के सामने विपक्ष ने किया बजट का विरोध और जलाई बजट पत्रिका की होली

 23 Mar 2017  624
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
महाराष्ट्र विधानमंडल के सामने विपक्ष ने आज सदन में पेश किए गए बजट का तीव्र विरोध किया और बजट पत्रिका की होली भी जलाई । विधानसभा के विपक्षी नेता राधाकृष्ण विखे पाटील ने कहा कि सरकार की ओर से पेश बजट में सिर्फ घोषणाओं की बैछार की गई है, जबकि इस बजट से राज्य के हर वर्ग की अपेक्षाएं भंग हुई है। इसलिए उन्होंने इस बजट की होली जलाकर अपना विरोध प्रदर्शित किया है। विपक्षी नेता ने कहा कि राज्य में किसानों की आत्महत्या हो रही है। इसके बावजूद वित्तमंत्री ने किसानों के लिए कर्जमाफी का उल्लेख बजट में नहीं किया है। विपक्षी नेता ने कहा कि आखिर राज्य सरकार किसानों की इतनी दुर्गति के बाद भी नहीं चेती है तो इतना ही कहना पड़ेगा की यह असंवेदना की हद है। पूर्व वित्त मंत्री व राकांपा नेता ने बजट का विरोध करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने किसानों व सातवें वेतन आयोग का जिक्र तक बजट में नहीं किया है। पाटील ने कहा कि यह चलन हो गया है कि राज्य सरकार बजट का महज 50 फीसदी हिस्सा ही पूरे साल में खर्च कर पाती है। लेकिन वित्तमंत्री ने इस साल जो बजट में घोषणाएं की है, उन्हें अमली जामा पहनाया जाना राज्य की खाली तिजोरी को देखते हुए मुश्किल ही लगता है। पाटील ने कहा कि वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार के बजट में लच्छेदार भाषण के अतिरिक्त कुछ नया नहीं है।