शोर मचाकर किसानों का हमदर्द नहीं बन सकता विपक्ष :देवेंद्र फडणवीस

 23 Mar 2017  713
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
 
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को राज्य विधानसभा में विपक्षी सदस्यों पर हमला बोलते कहा कि विपक्ष खुद को किसानों का हमदर्द के रुप में पेश करने का प्रयास कर रहा है, जबकि यह किसी तरह संभव नहीं है। पिछले 15 साल तक राज्य की सत्ता में रहने के बाद भी विपक्ष ने राज्य की जनता व किसानों के हित के लिए किसी भी तरह का सकारात्मक काम नहीं किया है, न ही होने दिया। विपक्षी विधायकों से उन्होंने कहा कि वे सभागृह को शांतिपूर्वक चलने दें , जिससे सदन में किसानों के साथ ही राज्य की अन्य जनता की समस्याओं पर सविस्तार चर्चा हो सके और राज्य की जनता को न्याय मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा -शिवसेना सरकार राज्य की जनता के हित का का कर रही है। विपक्ष को मात्र राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसानों की कर्जमाफी का मुद्दा उठा रहे हैं। राज्य में कुल 1 करोड़ 34 लाख किसानों में से 31 लाख किसानों का कर्ज प्रलंबित है। जिन किसानों का कर्ज प्रलंबित है वे फिर से कर्ज लेने के लिए पात्र नहीं हो सकते हैं। किसानों की कर्जमाफी के लिए 30 हजार 500 करोड़ की जरुरत है। लेकिन कर्जमाफी से ही किसानों की समस्याएं समाप्त नहीं होने वाली हैं। कृषि क्षेेत्र में राज्य सरकार की ओर से मूलभूत सुविधाओं पर खर्च किया जा रहा है ,जिससे अगले कुछ सालों में किसानों की हालत में सुधार हो सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को हर हालत में सक्षम बनाने का प्रयास कर रही है | साथ ही राज्य में नियमित कर्ज अदा करने वाले किसानों पर विपरीत परिणाम न हो इसे देखते हुए नई योजना बनाने का प्रयास कर रही है।