मुंबई में 11 लाख मतदाताओं के नाम सूची से गायब, हुए परेशान

 26 Feb 2017  856
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
 
 
मुंबई महानगरपालिका चुनाव में बनाई गई मतदाता सूची से लगभग 11 लाख मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया है जिससे बहुत से मतदाताओं को बिना वोट दिए वापस घर लौटना पड़ा है। मतदान केंद्र पर तैनात अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में वह कुछ भी मदद नहीं कर सकते हैं। पिछले मुंबई महानगरपालिका चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 2 लाख थे , जबकि इस बार मतदाता सूची में मात्र 91 लाख 80 हजार मतदाताओं का नाम ही मतदाता सूची में दर्ज था। चुनाव अधिकारी ने बताया कि मनपा की नई सूची बनाते समय जो मतदाता जगह पर नहीं पाए गए उनका नाम काट दिया गया है। लेकिन इस मुद्दे पर को लेकर शिवसेना व भाजपा ने एक दूसरे पर मतदाताओ का नाम काटे जाने का आरोप लगाया है। इस समस्या की वजह से घाटकोपर वार्ड नंबर 127 भीमनगर, रमाबाई, देवनार, मांटुगा, दादर, विक्रोली, सायन, वरली, मुलुंड, कफपरेड, मालाड, बोरीवली के निवासियों को सामना करना पड़ा है। कफपरेड में जीडी सोमानी मतदान केंद्र पर तो कई सोसाईटी के नाम मतदाता सूची से गायब पाए गए हैं। इसके साथ ही वार्ड नंबर 127 के निवासियों के नाम की जगह दूसरे की फोटो, जबकि फोटो की जगह दूसरे किसी का नाम दिखाए जाने के कारण मतदाताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को मतदान करने केलिए धूप में तीन-तीन घंटे खड़े रहकर परेशानी का सामना करना पड़ा।  बीजेपी नगरसेविकास एवं उम्मीदवार रितू तावड़े ने कहा कि वार्ड नंबर 127 में प्रशासन को फिर से मतदान कराना चाहिए। इस विभाग में मतदान को लेकर लापरवाही बरती गई हैं। इसलिए प्रशासन को यहां फिर से मतदान कराना चाहिए। इतने बड़े वार्ड में मतदान को लेकर चुनाव आयोग और बीएमसी प्रशासन फेल हुआ हैं। जिसके चलते मतदाताओं को अपना कीमती वोट ड़ालने में भारी परेशानी झेलनी पड़ी।