चुनाव अधिकारियों की मिलीभगत से मतदाताओं के नाम कटे

 24 Feb 2017  802
 
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई


मुंबई महानगर पालिका के चुनाव में सत्ताधारी नेताओं ने चुनाव अधिकारियों से मिलकर जहां हजारों नामों को इधर से उधर कर दिया है, वहीं कुछेक नामों को मतदाता सूची से काट दिया है। चुनाव अधिकारियों के कारनामों की वजह से कुछेक मतदाता जो कि अपने निवास स्थान में परिवर्तन कर दिया है, उनके वोटों को वहीं रखा गया है। गौरतलब है कि मानखुर्द-शिवाजीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 134 के हजारों मतदाताओं का नाम 137 में कर दिया गया है। वार्ड नम्बर 134 की निर्दलीय उम्मीदवार खुशलेन पप्पू खान के प्रचार प्रमुख मुरगेश स्वामी ने विभागीय चुनाव अधिकारी को अवगत कराते हुए लिखा है कि संजयनगर पार्ट नम्बर- 2 में तकरीबन 2500 वोटर थे, जिनमें से हजार वोटरों का नाम संजयनगर पार्ट नम्बर-1 वार्ड>नम्बर 137 में डाल दिया गया है। इसके अलावा शांतिनगर व बुद्धनगर के भी अनेक वोट वार्ड नम्बर 137 में चला गया है। मुरगेश स्वामी ने देवनार विभाग के चुनाव अधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि वार्ड नम्बर 134 के हजारों वोटरों का नाम वार्ड नम्बर 137 में चला गया है, उसे चुनाव पूर्व 134 में शामिल किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो चुनाव अधिकारियों के विरोध में चुनाव बाद जबर्दस्त आंदोलन छेड़ा जाएगा। इसी क्रम में पता चला है कि वार्ड नम्बर 149 के अनेक मतदाताओं के वोट मतदाता सूची से काट दिए गए हैं, जबकि उन मतदाताओं ने लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में मतदान किया था।