मुंबई महानगर पालिका चुनाव में दलालों का बोलबाला
24 Feb 2017
846
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
मुंबई महानगर पालिका चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी दलालों केे चंगुल में फंसते दिखाई दे रहे हैं। ये दलाल प्रत्याशियों को अपने पास ज्यादा वोट होने का लालच देकर उनसे पैसे ऐंठने में लगे हुए हैं। दलालों की हालत ऐसी है, कि सुबह वे इस प्रत्याशी के पास दिखाई देते हैं तो दोपहर में किसी और के पास और शाम को किसी अन्य प्रत्याशी के दरबार में डेरा रहता है। गौरतलब है कि मुंबई मनपा चुनाव 21 फरवरी को होने जा रहा है तो इसके लिए प्रचार का रविवार को अंतिम दिन है। इसके बाद प्रत्याशी व उनके समर्थक प्रत्यक्ष मिलकर लोगों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। इसी के साथ रुपयोंं का बंदरबांट व मतदाताओं को रुपयों का लालच देकर खरीदने का काम शुरू हो जाता है। झोपड़पट्टी क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के अलावा वे प्रत्याशी, जिन्हें आभास होता है कि वे जीतेंगे। वे सब धड़ल्ले से रुपयों की बारिश करते हैं। चेंबूर, कुर्ला, मानखुर्द-शिवाजी नगर और गोवंडी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दलालों का गिरोह सक्रिय हो गया है। ये दलाल मंडलों, महिला मंडलों के नाम पर प्रत्याशियों से रुपये लेकर अपनी झोली भर लेते हैं और नाम बदनाम होता है मंडल व महिला मंडलों के पदाधिकारियों व सदस्यों का। एक समाजसेवी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि उसके पास एक पार्टी के वरिष्ठ नेता आए और कहा कि आपके संपर्क में जो महिला मंडल व मंडल हैं, उनसे संपर्क करवा दीजिए, उनको कुछ लक्ष्मी दर्शन करवा दिया जाए। समाजसेवी ने कहा कि मैं ऐसा नहीं कर सकता, कल वे लोग वोट नहीं दिए तो हमारा क्या होगा।