मतदान करें और फिल्म टिकट में छूट पाएं
24 Feb 2017
863
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागृत करने हेतु उन्हें तरह-तरह के प्रलोभन दिए जा रहे हैं। मुंबई में टैक्सी व होटल में छूट देने की घोषणा के बाद अब नासिक में मतदान करने वालों को फिल्म टिकट में छूट दिए जाने की घोषणा की गई है। गौरतलब है कि 21 फरवरी को महानगर पालिकाओं के लिए मतदान होगा। नासिक में महानगर पालिका द्वारा मतदान के लिए आहवान किए जाने के बाद उसे प्रतिसाद देते हुए थिएटर मालिक विनय चुंबले ने दामोदर व विजयानंद सिनेमागृह में 21 फरवरी को मतदान करने के बाद अगुंलियों में इंक दिखाने पर मतदाताओं को टिकट के दामों में छूट देने का ऐलान किया है। इसी तरह मुंबई के मतदाताओं को ओला-उबेर नामक प्राइवेट टैक्सी कंपनियों ने मतदान करने के बाद अंगुली में इंक दिखाने पर टैक्सी किराए में छूट देने की घोषणा की है तो आहार नामक होटल संगठन ने कुछेक होटलों में मतदान करने के बाद अंगुली में इंक दिखाने पर उन्हें होटल के बिल में छूट दिए जाने की घोषणा की है। मनपाओं के आहवान पर उसे प्रोत्साहन देने के लिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं।