पहले मुझसे निपटो, फिर सीएम तक जाओ:आशीष शेलार

 17 Feb 2017  901
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई


मुंबई मनपा चुनाव जैसे-जैसे करीब आता जा रहा है, वैसे-वैसे राजनीतिक पारा गरमाता जा रहा है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा है कि शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पहले मुझसे निपटें, उसके बाद सीएम तक जाएं। उल्लेखनीय है कि एक कार्यक्रम में शिवसेना अध्यक्ष ठाकरे ने सीएम को चुनौती देते हुए कहा था कि वे मेरे साथ एक मंच पर जुगलबंदी करें। गौरतलब है कि केंद्रीय आर्थिक रिपोर्ट में मुंबई मनपा की सराहना की गई है। इसी रिपोर्ट को आधार बनाते हुए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा था कि यह रिपोर्ट तो मैंने नहीं बनाया है। इस रिपोर्ट को देखो और एक मंच पर हमारे साथ संवाद करो। ठाकरे द्वारा मुख्यमंत्री को चुनौती दिए जाने के बाद मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को चुनौती देते हुए कहा है कि वे पहले मुझसे निपटें, उसके बाद मुख्यमंत्री को एक मंच पर चुनौती दें। शेलार ने कहा कि जब चुनाव आता है तब इस परिवार को रोड शो-ट्रेन में यात्रा करने की याद आती है। आशीष की चुनौती के बाद शिवसेना में गहमागहमी का माहौल देखा जा रहा है। भाजपा-शिवसेना में चल रहे जुबानी जंग से किसको फायदा मिलेगा, इस पर मुंबईकरों की नजरें टिकी हुई हैं।