कांग्रेस नेता राणे करेंगे पार्टी उम्मीदवारों का प्रचार
14 Feb 2017
864
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम की कार्यशैली से नाराज नारायण राणे को पार्टी के वरिष्ठों ने मना लिया है। अब वह कांग्रेसी उम्मीदवारों का प्रचार करेंगे। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के दिग्गज नेता गुरुदास कामत व राणे ने मनपा चुनाव में कांग्रेसी उम्मीदवारों के प्रचार से दूरी बनाए रखने की घोषणा कर दी थी। पर अब दोनों नेताओं ने कांग्रेसी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए हामी भर दी है। गौरतलब है कि मनपा चुनाव में टिकट बांटने की पद्धति को लेकर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम से कांग्रेस के दिग्गज नेता गुरुदास कामत व नारायण राणे नाराज हो गए थे और उम्मीदवारों के प्रचार से दूरी बनाए रखने की घोषणा कर दी थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पहले गुरुदास कामत को मनाया और उसके बाद अब नारायण राणे को मना लिया है। दोनों नेताओं को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और महाराष्ट्र अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने मना लिया है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना-भाजपा को पछाड़ने के लिए राणे व कामत ने राकांपा के साथ गठबंधन करने की वकालत की थी, पर निरुपम ने सीधे-सीधे कह दिया कि गठबंधन की जरूरत नहीं है। गठबंधन के निर्णय को लेकर निरुपम की ही चली, जिसके चलते कामत व राणे नाराज हो गए थे। पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दोनों को मना लिया है।