धनंजय मुंडे के कहने पर ही अजीत पवार बोल रहे हैं : पंकजा मुंडे

 13 Feb 2017  849
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

राज्य की ग्राम विकास मंत्री पंकजा मुंडे ने राकांपा नेता अजीत पवार पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे उनके भाई धनंजय मुंडे के कहने पर अनाप-शनाप बोल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पवार ने गोपीनाथ मुंडे की जन्म तारीख को लेकर मुंडे परिवार पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि राकांपा नेता अजीत पवार ने गोपीनाथ मुंडे की जन्म तारीख पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुंडे ने राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार की जन्म तारीख को देखते हुए अपनी जन्म तारीख को निश्चित किया था। सभी जानते हैं कि मुंडे व पवार की जन्म तारीख एक ही है। पर कहा जा रहा है कि मुंडे की जन्म तारीख में बदलाव किया गया है। ऐसा खुलासा पवार ने किया है। पवार ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि यह जानकारी उन्हें गोपीनाथ मुंडे के भतीजे व विधान परिषद में विरोधी पक्ष के नेता धनंजय मुंडे ने दिया है। इसी बात को लेकर ग्राम विकास मंत्री पंकजा मुंडे ने राकांपा नेता अजीत पवार पर निशाना साधा है और टिप्पणी करते हुए कहा है कि उनके भाई के कहने पर पवार अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।