मुंबईवासियों को मुफ्त पानी देगी भाजपा : मुख्यमंत्री
12 Feb 2017
824
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
भारतीय जनता पार्टी मुंबई महानगरपालिका चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद शहरवासियों को मुफ्त पानी की आपूर्ति करने वाली है। इस तरह का वादा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मुंबई चुनाव से पहले भाजपा का घोषणापत्र प्रकाशित करते हुए किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घोषणा पत्र में मुंबई में संपत्तिकर में छूट दिए जाने तथा जब तक मुंबई के रास्ते खड्ढे मुक्त नहीं हो जाते, तब तक पथकर न वसूलने का भी समावेश किया गया है। वसंत स्मृति भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री द्वारा प्रकाशित यह घोषणा पत्र भाजपा द्वारा स्टैंप पेपर पर लिखा गया और इसमें शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे का भव्य स्मारक बनाए जाने का भी वचन दिया गया है। इतना ही नहीं भाजपा ने स्टैंप पेपर पर परिवर्तन का विश्वास जताया है और मुंबई में महिलाओं के लिए महिला शौचालय के लिए अधिक मात्रा में फंड उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई शहर की मलनिस्सारण प्रणाली में बदलाव किया जाएगा और समुद्र में छोड़ी जाने वाली गंदगी को रासायनिक प्रक्रिया करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे मुंबई के आस पास का समुद्रीय किनारा साफ गंदगीमुक्त बनाया जा सकेगा। मुंबई में सभी नगरसेवकों, अधिकारियों तथा ठेकेदारों को हर साल अपनी संपत्ति का ब्योरा देने के लिए बाध्य किया जाएगा और पूरा प्रशासन पारदर्शक बनाया जाएगा। मुंबई में पैदा हुई बच्ची के खाते में 5 हजार रुपए जमा किया जाएगा और इस शहर में 5 मेडिकल कालेज स्थापित किए जाएंगे। इस तरह मुख्यमंत्री ने मुंबई का चेहरा व मोहरा बदलने का आश्वासन भाजपा के घोषणा पत्र में दिया है। इस अवसर पर भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार भी उपस्थित थे।