राकांपा नेता शरद पवार घराने की चौथी पीढ़ी राजनीति में

 12 Feb 2017  866
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई


राष्ट्रवादी कांग्रेस के सुप्रीमो व राष्ट्रीय राजनीति के नेता शरद पवार के परिवार की चौथी पीढ़ी ने राजनीति में प्रवेश किया है। राकांपा नेता अजीत पवार के भतीजे रोहित पवार ने जिला परिषद के चुनाव में भाग्य आजमाने के लिए चुनावी मैदान में कदम रखा है। गौरतलब है कि जिला परिषद का चुनाव होने जा रहा है और इसके लिए नामांकन दाखिल किया जा चुका है। जिला परिषद के लिए बारामती तहसील से अजीत पवार के भतीजे रोहित राजेंद्र पवार को उम्मीदवारी दी गई है। राजनीति के जानकारों के अनुसार शरद पवार की माता शारदाबाई पवार लोकल बोर्ड की सदस्य थीं। अपनी मां की राजनीति को आत्मसात करते हुए शरद पवार राजनीति में आए। शरद पवार, अजीत पवार व सुप्रिया सुले के बाद अब रोहित पवार ने राजनीतिक अखाड़े में छलांग लगा दी है। इस तरह से पवार घराने की चौथी पीढ़ी ने राजनीति में प्रवेश किया है।