मुंबई में बंगले की सबसे महंगी डील, कुमार बिड़ला ने लगाई 425 करोड़ की बोली

 19 Sep 2015  1351
मुंबई. इंडस्ट्रियलिस्ट कुमार मंगलम बिड़ला ने मुंबई में बंगले के लिए 425 करोड़ रुपए की बोली लगाई है। मालाबार हिल के जाटिया हाउस के लिए मंगलम बिड़ला ने अब तक की सबसे बड़ी बोली लगाई है। रियल इस्टेट मार्केट के सूत्रों के मुताबिक, मुंबई में बंगले के लिए अब तक की सबसे महंगी डील है।
 
सूत्रों के मुताबिक, पिछले हफ्ते जब नीलामी शुरू हुई थी तो चार बिडर थे। इनमें मुंबई के दो और दिल्ली के एक इंडस्ट्रियलिस्ट के अलावा एक डेवलपर बतौर बिडर है। डील के लिए ग्लोबल प्रॉपर्टी कंसल्टेंट जेएलएल इंडिया मध्यस्थता (ब्रोकर्ड) कर रही है। कंपनी ने इस मामले पर फिलहाल कुछ नहीं कहा है। आदित्य बिड़ला ग्रुप के एक स्पोकपर्सन ने भी इस बोली को लेकर कुछ नहीं कहा है। बता दें कि कुमार बिड़ला इस ग्रुप के चेयरमैन हैं। बिड़ला फिलहाल कार्मिछिल रोड इनक्लेव में तीन स्टोरी बिल्डिंग में अपनी फैमिली के साथ रहते हैं। हालांकि, कहा जा रहा है कि बिड़ला जाटिया हाउस प्रॉपर्टी को री-डेवलप नहीं कराएंगे। वह बंगले में रहेंगे।
 
क्या है जाटिया हाउस?
जाटिया हाउस 30 हजार स्क्वेयर फीट में फैला दो स्टोरी बंगाल है। इसका पूरा दायरा एक एकड़ से थोड़ा ही कम है। बंगले को 1950 में बनाया गया था। एमपी जाटिया ग्रुप ऑफ कंपनीज की पद्ममजी पल्प और पेपर मिल्स लि. के अरुण तथा श्याम जाटिया इसके मालिक हैं। इस डील की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने कहा, ''पिछले दो साल से जाटिया ब्रदर्स इस प्रॉपर्टी को बेचना चाहते थे। पिछले साल एक प्रॉपर्टी डेवलपर से लेनदेन करीब-करीब पूरी भी हो गई थी लेकिन रेग्युलेटरी इश्यूज के कारण लेदनदेन रुक गई थी।''
 
क्यों बिक रहा है बंगला?
जाटिया की फैमिली इस बंगले में पिछले चार दशकों से रह रही है। बताया जा रहा है कि वे अब इतनी बड़ी प्रॉपर्टी को मेंटेन नहीं कर पा रही हैं। एक सूत्र के मुताबिक, ''जाटिया फैमिली के ज्यादातर मेंबर्स बाहर चले गए हैं। जो बचे हैं उनके लिए यह बंगला रहने के लिए बहुत बड़ा है।'' बता दें कि एक अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया ने दो सितंबर को एक खबर छापी थी। जिसमें कहा गया था कि जाटिया फैमिली के अमित जाटिया ने पिछले साल 175 करोड़ में नेपेन सी रोड पर तीन स्टोरी बिल्डिंग रजाक हैवेन खरीदी है।
 
किसके पड़ोसी बनेंगे?
अगर यह डील पूरी हो जाती है तो बिड़ला मालाबार हिल पर मेहेरनगिर बंगले में रहने वालों के पड़ोसी बनेंगे। भारत में एटमिक एनर्जी प्रोग्राम के फॉदर होमी भाभा भाभा कभी इसी बंगले में रहा करते थे। मेहेरनगिर बंगले को पिछले साल 17150 स्क्वेयर फीट की इस प्रॉपर्टी को इंडस्ट्रियलिस्ट जमशेद गोदरेज की बहन स्मिता कृष्णा ने 372 करोड़ में खरीदा था।