मुंबई मनपा चुनाव को लेकर भाजपा-शिवसेना के बीच समझौता 21 तक

 22 Jan 2017  932
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी व शिवसेना में सीटों के बटवारे को लेकर चर्चा 21 जनवरी तक पूरी कर ली जाएगी। इस तरह की जानकारी मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने दी है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को भाजपा व शिवसेना नेताओं की बैठक देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राव साहेब दानवे के निवास पर की गई थी। इस बैठक में भाजपा की ओर से विनोद तावड़े, प्रकाश मेहता तो शिवसेना की ओर से अनिल देसाई, अनिल परब , रविंद्र मिर्लेकर आदि उपस्थित थे। बैठक में दोनों दलों की ओर से अपने विषय प्रस्तुत किए गए, लेकिन इनपर किसी भी तरह का निर्णय नहीं लिया जा सका। इसी मुद्दे पर मंगलवार को फिर से दोपहर में दोनों दलों के बीच बैठक तय की गई थी, लेकिन आज दोनों दलों की बैठक नहीं हो सकी है। दोनों दलों के हवाले से जानकारी मिली है कि अब युति को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे अंतिम बैठक करने वाले हैं और इसी बैठक में युति के बारे में निर्णय लिया जा सकेगा। भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि दोनों दलों के बीच युति को लेकर चर्चा को 21 जनवरी तक अंतिम रुप दे दिया जाएगा। इसके बाद दोनों दल आगामी मनपा चुनाव में प्रचार कार्य में जुट जाएंगे।