मुंबई में 6 मार्च को निकलेगा मूक मराठा मोर्चा

 21 Jan 2017  894
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
मुंबई महानगर में 31 जनवरी को निकलने वाला मूक मराठा मोर्चा अब छह मार्च को मुंबई में निकाला जाने वाला है। इस तरह का निर्णय रविवार को मुंबई में मराठा क्रांति समाज की बैठक में लिया गया है। इस बैठक में 31 जनवरी को राज्यव्यापी चक्काजाम आंदोलन किए जाने का निर्णय लिया गया है। अहमदनगर जिले में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद मराठा समाज ने राज्य के लगभग हर जिले में मूक मोर्चा निकाल कर अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है। मूक मराठा मोर्चे की विशेषता रही है कि इस मोर्चे में किसी भी तरह की घोषणाबाजी, नारेबाजी अथवा भाषणबाजी नहीं की जा रही है और मोर्चे के आयोजनकर्ता अपनी मांगों सहित पत्र जिलाधिकारी को सौंपते आ रहे हैं। केवल नागपुर में मराठा मोर्चे के आयोजकों ने अपनी मांग संबंधी पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा था। मुंबई में आहूत मराठा मोर्चा 31 जनवरी को दिन में मरीन ड्राइव से निकालने व उसे आजाद मैदान तक ले जाने का कार्यक्रम तय किया गया था, लेकिन रविवार को इस कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। बैठक में पहले मोर्चे की तारीख बदलने पर एकमत नहीं हो पा रहा था,लेकिन उस दिन राज्यव्यापी चक्का जाम आंदोलन किए जाने के विषय पर एकमत हुआ और मोर्चे की तारीख बदल दी गई है।