मुंबई मनपा चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस, नोटबंदी विरोधी आंदोलन 18 को :अशोक चव्हाण

 21 Jan 2017  413
     मुंबई, 
कांग्रेस पार्टी मुंबई महानगर पालिका चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अकेले स्वबल पर चुनाव लड़ने लडऩे वाली है। इसी प्रकार नोटबंदी के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से 18 जनवरी को मुंबई व नागपुर में रिजर्व बैंक का घेराव किया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को मुंबई में आयोजित कांग्रेस पार्टी की बैठक में लिया गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने दोनों दलों में चर्चा शुरू होने से पहले ही अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी थी। बैठक में इस विषय पर चर्चा की गई और लगभग सभी नेताओं ने मुंबई में राकांपा के साथ गठबंधन न किए जाने का निर्णय लिया है। इसी प्रकार राज्य में विधान परिषद की 5 सीटों के लिए राकांपा के साथ गठबंधन किए जाने का निर्णय लिया गया है। इनमेें से अमरावती, नासिक व नागपुर सीटों पर कांग्रेस, औरंगाबाद सीट पर राकांपा तथा कोंकण सीट पर शेकाप आपस में गठबंधन कर चुनाव लड़ना तय किया गया है। चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुंबई छोडक़र अन्य स्थानों पर स्थानीय स्तर पर गठबंधन कर सकती है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि नोटबंदी से राज्य की जनता परेशान हो उठी है और अभी तक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए कांग्रेस पार्टी की ओर से 18 जनवरी को मुंबई व नागपुर में स्थित रिजर्व बैंक के कार्यालय का घेराव करते हुए आंदोलन किया जाएगा। नोटबंदी के विरोध में कांग्रेस की ओर से 28 जनवरी को मुंबई में सम्मेलन भी किया जाने वाला है। इस सम्मेलन में केंद्र सरकार की नीतियों तथा प्रधानमंत्री के तानाशाही रवैये का जोरदार विरोध किया जाएगा।