कांग्रेस को लाभ न मिले, इसलिए गठजोड़ जरूरी है: मुख्यमंत्री

 18 Jan 2017  847
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

महाराष्ट्र में भाजपा की ताकत में वृद्धि हुई है, बावजूद गठजोड़ में फूट न पड़े, इस बात को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि गठजोड़ में फूट पड़ने से उसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा। कांग्रेस को लाभ न मिले, इसके लिए गठजोड़ जरूरी है। जानकार सूत्रों के हवाले से इस खबर का खुलासा हुआ है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में मुंबई सहित दस मनपा व जिला परिषदों का चुनाव फरवरी में होने जा रहा है। इसी क्रम में पार्टियां अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने में लग गई हैं। चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य के सभी पालक मंत्रियों, जिलाध्यक्षों और संगठन मंत्रियों की बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य में गठजोड़ बरकरार रहे, नहीं तो उसका लाभ कांग्रेस को मिलेगा। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नगर पालिका के चुनाव में जहां भाजपा पहले नम्बर पर है, वहीं कांग्रेस दूसरे क्रमांक पर है। मुख्यमंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के दूसरे नम्बर पर होने के कारण यदि गठजोड़ में फूट पड़ती है तो उसका लाभ पूरी तरह से कांग्रेस को मिलेगा।