समाज को शिक्षित करने का प्रयास सराहनीय: नारायण राणे

 18 Jan 2017  877
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
मुंबई उपनगर के चेंबूर में पोस्टल कॉलोनी में स्थित श्री विनोद शुक्ला हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेसी सांसद नारायण राणे ने कहा कि समाज को शिक्षित करने का जो बीड़ा शिक्षाप्रेमी अवधनारायण शुक्ल ने उठाया है, वह सराहनीय ही नहीं अद्वितीय है। गौरतलब है कि विनोद शुक्ला हाईस्कूल एंड जूनियर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में प्रमुख अतिथि के रूप में पधारे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेसी सांसद नारायण राणे ने कहा समाजसेवी व शिक्षाप्रेमी अवधनारायण शुक्ल हिन्दी, अंग्रेजी और मराठी माध्यम से विद्यालय को संचालित करते हुए समाज को शिक्षित करने का जो बीड़ा उठाया है, वह सराहनीय ही नहीं अद्वितीय है। मैं विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों से अपील करता हूं कि वह भविष्य में समाज के अग्रणी बनकर विद्यालय का नाम ऊंचा करें। विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम की सराहना करते हुए राणे ने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए मनमोहक कार्यक्रम अतिसुंदर है, इस कार्यक्रम ने मेरा ही नहीं सभी उपस्थितों का मन मोह लिया। बच्चों के इस कार्यक्रम की सराहना विशिष्ठ अतिथि रमानाथ त्रिपाठी और रमाकांत उपाध्याय ने भी की। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शिक्षाप्रेमी अवधनारायण शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत शॉल व श्रीफल से किया और राणे को एक अश्व की मूर्ति भी भेंट स्वरूप दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्या अलका डी. शुक्ला के नेतृत्व में शिक्षकों ने अथक प्रयास किया। इस अवसर पर भारी संख्या में छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी उपस्थित थे।