महाराष्ट्र में 16 और 21 फरवरी को दो चरण में होंगे पंचायत चुनाव

 16 Jan 2017  921
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
 
राज्य में 10 महानगर पालिका व 25 जिला परिषदों के चुनाव दो चरणों में कराए जाने की घोषणा बुधवार को राज्य चुनाव आयुक्त जे. एस. सहारिया ने किया। इसके तहत मुंबई सहित 10 महानगरपालिका के चुनाव 21 फरवरी को कराये जाएंगे। राज्य की सभी मनपा व जिला परिषद की मतगणना 23 फरवरी को कराई जाएगी। राज्य चुनाव आयुक्त जे.एस. सहारिया ने बताया कि राज्य में जिला परिषद का चुनाव दो चरणों में लिया जाएगा।  जिला परिषद के पहले चरण का मतदान 16 फरवरी व दूसरे चरण का मतदान 21 फरवरी को कराया जाएगा। मुंबई , ठाणे, पुणे, पिंपरी -चिंचवड़, उल्हासनगर, नाशिक, नागपुर, आकोला, अमरावती, सोलापुर महानगरपालिका चुनाव के लिए 27 जनवरी से 3 फरवरी तक नामाकंन स्वीकार किए जाएंगे, जबकि आज से ही यानि कि 11 जनवरी 2017 से ही सभी 25 जिलापरिषद क्षेत्रों तथा 10 महानगरपालिका क्षेत्रों के लिए आचार संहिता लागू कर दी गई है। इसके तहत 27 जनवरी से 3 फरवरी तक चुनाव से संबंधित प्रक्रियां फार्म भरना इत्यादि आनलाईन पध्दित से पूरी कराई जाएंगी। सहारिया ने बताया कि 4 फरवरी को फार्म की जांच की जाएगी और इसके साथ ही 4 फरवरी को ही उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकता है, जबकि 5 फरवरी को चुनाव चिन्ह दिया जाएगा, तो वहीं 6 फरवरी से 19 फरवरी तक सारे उम्मीदवार जोरदार तरीके से चुनाव प्रचार कर सकेंगे।