दलालों के खिलाफ आरपीएफ की जोरदार मुहिम

 16 Jan 2017  853
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
मध्य रेलवे की आरपीएफ ने टिकट दलालों के खिलाफ जोरदार मुहिम चलाकर उनसे लाखों रुपये वसूले जाने की जानकारी आरपीएफ के आईजी अतुल श्रीवास्तव ने एक पत्रकार परिषद में दी है। इसके अलावा अन्य कार्रवाईयों के बारे में सविस्तार जानकारी देते हुए कहा है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की कि वे कंट्रोल नंबर 182 का उपयोग ज्यादा से ज्यादा करें। गौरतलब है कि मध्य रेलवे के आरपीएफ ने वार्षिक कार्रवाई के लेखा-जोखा को साझा करने के लिए एक पत्रकार परिषद का आयोजन किया था। पत्रकार परिषद में आईजी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरपीएफ ने टिकट दलालों के विरोध में जोरदार मुहिम चलाते हुए 292 टिकट दलालों की धरपकड़ करते हुए कार्रवाई की है। इन दलालों के पास से आरपीएफ ने 12747 टिकट बरामद किये थे, जिसकी कीमत 53. 68 थी। इसके अलावा दलालों के पास से 2.84 लाख रुपये नगद बरामद किया गया था। इसके साथ ही 40906 अवैध विक्रेताओं के विरोध में कार्रवाई करते हुए उनसे 1.94 लाख रुपए दंडस्वरुप वसूला है। अवैध रूप से लेडिज कोच में यात्रा करने वाले 16751 लोगों पर कार्रवाई करते हुए उनसे 28.87 लाख रुपये दंड स्वरुप वसूला है। इसके अलावा वर्ष भर में 222 आपराधिक मामले दर्ज करके 405 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उनसे 27.75 लाख रुपये वसूले गये है। साथ ही 130165 लोगों पर रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और उनसे 4.03 करोड़ रुपये वसूले जाने की जानकारी आईजी श्रीवास्तव ने दी है। साथ ही श्रीवास्तव ने मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील की है कि जैसे वे पुलिस की मदद लेने के लिए 100 नंबर का प्रयोग करते हैं, वैसे ही रेलवे में आरपीएफ की मदद लेने के लिए कंट्रोल नंबर 182 का उपयोग करें।